छत्तीसगढ़ के स्कूलों के लिए करोड़ का महा-बजट,पहली क्लास से योग और वैदिक गणित की एंट्री - CGKIRAN

छत्तीसगढ़ के स्कूलों के लिए करोड़ का महा-बजट,पहली क्लास से योग और वैदिक गणित की एंट्री


शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, समावेशी और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।छत्तीसगढ़ विधानसभा में स्कूल शिक्षा विभाग का 22,466 करोड़ रुपये का बजट पारित हो गया है जिससे बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे. सरकार ने पहली कक्षा से योग और वैदिक गणित को पढ़ाने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में 150 स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय स्थापित करने की घोषणा भी इस बजट का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इन योजनाओं का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ सरकारी स्कूलों की छवि को मजबूत करना बताया जा रहा है. बजट के प्रावधानों से छत्‍तीसगढ़ के नक्‍सल प्रभावित इलाकों में शिक्षा की शुरुआत होने जा रही है. राजनीतिक दृष्टि से भी यह बजट महत्वपूर्ण माना जा रहा है. शिक्षा क्षेत्र में बड़े निवेश के जरिए सरकार यह संदेश देना चाहती है कि राज्य में शिक्षा सुधार उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है. ग्रामीण क्षेत्रों में उत्कृष्ट स्कूल खोलने का निर्णय उन इलाकों के छात्रों को बेहतर शिक्षा देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है,  इन स्कूलों को ग्रामीण ब्लॉकों में विकसित करने की योजना है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गांवों के छात्रों को भी शहरों जैसी गुणवत्ता वाली शिक्षा मिल सके.जहां अब तक निजी स्कूलों की तुलना में सरकारी स्कूलों की सुविधाएं सीमित रही हैं. डिजिटल मार्कशीट और ऑनलाइन ट्रांसफर सर्टिफिकेट जैसी व्यवस्थाएं भी प्रशासनिक पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक को शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास मानी जा रही हैं.

योग और वैदिक गणित पर जोर

नई शिक्षा व्यवस्था में पहली कक्षा से ही योग और वैदिक गणित को पाठ्यक्रम में शामिल करने की योजना बनाई गई है. सरकार का मानना है कि इससे छात्रों के मानसिक और शारीरिक विकास में संतुलन आएगा. शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार योग बच्चों की एकाग्रता और अनुशासन बढ़ाने में सहायक होता है. वहीं वैदिक गणित गणना की क्षमता को तेज बनाने में उपयोगी माना जाता है.

डिजिटल शिक्षा व्यवस्था की ओर कदम

राज्य सरकार ने छात्रों के शैक्षणिक दस्तावेजों को डिजिटल बनाने की दिशा में भी पहल की है. मार्कशीट और ट्रांसफर सर्टिफिकेट अब ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे. इन दस्तावेजों पर क्यूआर कोड और यूनिक आईडी दी जाएगी. इससे दस्तावेजों की सत्यता को ऑनलाइन जांचना आसान होगा और फर्जीवाड़े की संभावना कम होगी.

शिक्षा सुधार की चुनौतियां भी कम नहीं

हालांकि शिक्षा क्षेत्र में बड़े बजट की घोषणा सकारात्मक संकेत है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि केवल बजट बढ़ाने से ही शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार नहीं होता. शिक्षकों की उपलब्धता, स्कूलों की आधारभूत संरचना और प्रशिक्षण जैसी चुनौतियां भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं. अगर इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया तो यह बजट राज्य की शिक्षा व्यवस्था में वास्तविक बदलाव ला सकता है.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads