नवपदस्थ कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा की पहली प्रेस वार्ता कानून-व्यवस्था, अधोसंरचना, रोजगार शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस - CGKIRAN

नवपदस्थ कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा की पहली प्रेस वार्ता कानून-व्यवस्था, अधोसंरचना, रोजगार शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस

 


बलौदाबाजार के नवपदस्थ कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने जिले की कमान संभालते ही जिले को नई प्रशासनिक ऊर्जा और स्पष्ट प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ाने का संदेश देते हुए नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संयुक्त जिला कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की. इस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने साफ कहा कि जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. कलेक्टर ने संवाद और समन्वय को प्रशासन की कार्यशैली का आधार बताते हुए कहा कि विकास कार्यों को तेज गति देने और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया और आम लोगों के सहयोग की जरूरत है 

शिक्षा और स्वास्थ्य: बदलाव की बुनियाद

प्रेस वार्ता का सबसे अहम बिंदु शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस रहा. कलेक्टर ने कहा कि किसी भी जिले की प्रगति उसके शिक्षा और स्वास्थ्य सूचकांकों से आंकी जाती है. स्कूलों में उपस्थिति, गुणवत्ता पूर्ण शिक्षण, आधारभूत सुविधाएं और परिणामों में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे. स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पताल तक सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. मातृ एवं शिशु मृत्यु दर, टीकाकरण और पोषण जैसे संकेतकों में सुधार के लिए समन्वित रणनीति बनाई जाएगी. उनका लक्ष्य है कि इन दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर जिला राज्य में अग्रणी बने.. 

कानून-व्यवस्था और सौहार्द बनाए रखना प्राथमिक

कलेक्टर ने कहा कि विकास तभी संभव है जब जिले में शांति और कानून-व्यवस्था मजबूत हो. सामाजिक सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन इसमें समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है. उन्होंने संकेत दिया कि संवेदनशील मुद्दों पर सतर्कता बरती जाएगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को गंभीरता से लिया जाएगा.

जिले की पहचान और संभावनाओं पर जोर

कलेक्टर ने कहा कि बलौदाबाजार -भाटापारा जिला धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से समृद्ध है. यहां की विरासत, परंपराएं और सामाजिक सौहार्द इसकी ताकत हैं. कृषि उत्पादन के मामले में जिला राज्य में अपनी अलग पहचान रखता है, साथ ही औद्योगिक गतिविधियों की वजह से रोजगार की भी अच्छी संभावनाएं मौजूद हैं. उन्होंने पर्यटन को लेकर भी संभावनाएं जताईं और कहा कि यदि बुनियादी सुविधाओं और प्रचार-प्रसार पर ध्यान दिया जाए तो जिला पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत स्थान बना सकता है. 

युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास

कृषि और उद्योग को जिले की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कलेक्टर ने कहा कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी. कृषि आधारित उद्योग, लघु और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ कौशल विकास कार्यक्रमों पर जोर रहेगा. इससे पलायन को रोकने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी. उन्होंने संकेत दिया कि विभिन्न विभागों के माध्यम से स्वरोजगार योजनाओं को भी प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा.

अधोसंरचना विकास और योजनाओं का क्रियान्वयन

प्रेस वार्ता में अधोसंरचना विकास पर भी जोर दिया गया. सड़कों, पेयजल, विद्युत, सिंचाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी. कलेक्टर ने कहा कि कई योजनाएं कागजों में स्वीकृत होती हैं, लेकिन धरातल पर उनका क्रियान्वयन समय पर नहीं हो पाता. अब यह सुनिश्चित किया जाएगा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे. इसके लिए विभागीय समन्वय को मजबूत किया जाएगा और समय-समय पर समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी.

जनदर्शन और सीधी सुनवाई जारी रहेगी

प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद बनाए रखने के लिए जनदर्शन कार्यक्रम को पूर्व की तरह जारी रखने की बात कही गई. इसमें आम लोग अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रख सकेंगे. कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यालय में समय-समय पर मुलाकात के लिए दरवाजे खुले रहेंगे. लोगों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. यह संदेश साफ था कि प्रशासनिक कार्यशैली में पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष ध्यान रहेगा.

मीडिया की भूमिका पर सकारात्मक दृष्टिकोण

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों द्वारा उठाए गए मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना गया. विभिन्न समस्याओं और सुझावों पर उन्होंने जांच उपरांत कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि मीडिया प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोगी है. जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का संकेत है. सकारात्मक सुझावों का स्वागत किया जाएगा. प्रेस वार्ता में अपर कलेक्टर दीप्ति गौते और एसडीएम प्रकाश कोरी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads