आज पेश होगा छत्तीसगढ़ का बजट, बजट 2026 से उम्मीदें, BJP का दावा- गरीब, किसान, महिला और युवाओं पर होगा फोकस
केंद्र सरकार द्वारा 1 फरवरी को आम बजट पेश किए जाने के बाद अब छत्तीसगढ़ के बजट का इंतजार है. राज्य सरकार का बजट 24 फरवरी को वित्त मंत्री ओपी चौधरी विधानसभा के बजट सत्र में प्रस्तुत करेंगे. बजट को लेकर हर वर्ग में उम्मीदें हैं कि उन्हें कुछ न कुछ राहत और योजनाओं का लाभ मिलेगा. छत्तीसगढ़ बजट 24 फरवरी को पेश होगा. वित्त मंत्री ओपी चौधरी दोपहर 12:30 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे. किसानों को धान का समर्थन मूल्य बढ़ने की उम्मीद है. महिलाएं ₹500 गैस सिलेंडर की घोषणा चाहती हैं. व्यापारियों ने कर सुधार की मांग रखी है. SCR विकास, जल बोर्ड गठन और बस्तर पर्यटन पर भी लोगों की नजरें टिकी हैं.
छत्तीसगढ़ का बजट 24 फरवरी को पेश होगा. वित्त मंत्री ओपी चौधरी दोपहर 12:30 बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे. यह विष्णु देव साय सरकार के कार्यकाल का तीसरा और नई विधानसभा का पहला बजट है. इससे छत्तीसगढ़ के लोगों को ढेरों उम्मीदें हैं. हर कोई चाहता है कि बजट 2026 में उनके लिए बड़ी घोषणाएं हों.
बजट को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवीन विधानसभा भवन में नवयुग का बजट होगा. 24 फरवरी 2026 का सूरज छत्तीसगढ़ के सुनहरे भविष्य का साक्षी बनेगा. हर क्षेत्र की प्रगति और हर वर्ग के विकास को नई गति देने वाला यह बजट, विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा.
भारतीय जनता पार्टी कहना है कि इस बार का बजट गरीब, किसान, महिला और युवा इन चारों वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. पार्टी के अनुसार, सरकार की प्राथमिकताएं साफ हैं और बजट में इसका असर दिखेगा. भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि जब छत्तीसगढ़ नया राज्य बना था, तब बजट 3-4 हजार करोड़ रुपये का था. अब आने वाला बजट करीब 2 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है. इससे साफ है कि राज्य तेज़ी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है.
छत्तीसगढ़ बजट 2026 से किसानों को उम्मीद: धान का MSP बढ़ाया जाए
छत्तीसगढ़ के किसान चाहते हैं कि बजट 2026 में सरकार उनके लिए बड़ी घोषणाएं करें. किसानों को धान का समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने की आस है. साथ ही किसान चाहते हैं कि ओडिशा की तरह छत्तीसगढ़ सरकार रबी और खरीफ दोनों धान की फसलों की एमएसपी पर खरीद करें. किसानों को खाद-बीज उचित दाम में मिले. उम्मीद है कि सरकार बजट में धान खरीदी सिस्टम को बेहतर करने के साथ-साथ धान का समर्थन मूल्य 5000 रुपये करेगी.
छत्तीसगढ़ बजट 2026 से महिलाओं को उम्मीद: सस्ता हो गैस सिलेंडर
प्रदेश की आधी आबादी को भी विष्णु देव साय सरकार से पूरी उम्मीद है कि वे उनके लिए विशेष घोषणाएं करेंगे. महिलाएं चाहती हैं कि सरकार अपने चुनावी वादे के अनुरूप गैस सिलेंडर ₹500 में देने की घोषणा करें.
चैंबर भवन और बिजनेस हब की मांग
छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के कोषाध्यक्ष निकेश बरडिया ने कहा कि पिछले बजट में नवा रायपुर में चैंबर भवन के लिए बजट पास हुआ था, लेकिन अब तक भवन का हैंडओवर नहीं हो पाया है. उन्होंने मांग की कि इस बजट में इसे जल्द हैंडओवर किया जाए. साथ ही नवा रायपुर को बिजनेस हब के रूप में विकसित किया जाए, जिससे प्रदेशभर के होलसेल व्यापारियों को एक कॉरिडोर मिल सके और व्यापार को नई पहचान मिले.
बस्तर, सरगुजा और दंतेवाड़ा के कारीगरों के लिए मार्ट
निकेश बरडिया ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में बड़ी संख्या में छोटे और मध्यम उद्योग हैं. वहीं सरगुजा और दंतेवाड़ा जैसे इलाकों में आज भी कई कारीगर हाथों से उत्पाद तैयार करते हैं. इनके लिए बजट में ऑनलाइन और ऑफलाइन मार्ट की व्यवस्था होनी चाहिए, जहां स्थानीय उत्पादों को बेचने का मौका मिले.
इंफ्रास्ट्रक्चर पूरे प्रदेश में हो विकसित
चेंबर की ओर से यह भी मांग की गई कि बजट में फोकस किसी एक शहर पर नहीं होना चाहिए. लगभग 10 से 15 शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का काम होना चाहिए. स्टेट हाईवे को बेहतर बनाने के लिए बजट में प्रावधान किया जाए. बड़े शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ेगा तो व्यापार भी तेजी से बढ़ेगा.
