हड़ताल के बीच आज से शुरू होगी धान खरीदी, शासकीय अधिकारी समितियों में खरीदेंगे धान - CGKIRAN

हड़ताल के बीच आज से शुरू होगी धान खरीदी, शासकीय अधिकारी समितियों में खरीदेंगे धान


छत्तीसगढ़ में आज से  धान खरीदी की शुरुआत होने जा रही है। राज्य सरकार ने प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल 3100 रूपये के दाम से प्रदेश के किसानों से धान की खरीदी की जाएगी। इसके लिए प्रदेश भर में 2700 धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। इस सत्र में सरकार का लक्ष्य 160 लाख मैट्रिक टन धान की खरीदी का है।15 नवंबर से प्रदेश में धान की खरीदी शुरू हो रही है, लेकिन धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक और ऑपरेटर हड़ताल पर हैं. ऐसे में धान की खरीदी सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुकी है. हालांकि प्रशासन ने सभी केन्द्रों पर कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर नई भर्ती कर दी है और प्रभारी के रूप में अलग अलग विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है.  वहीं, धान खरीदी की पूरी अवधि तक कर्मचारियों के हड़ताल पर रोक का आदेश जारी कर दिया गया है। सरकार ने कर्मचारियों की हड़ताल पर सख्ती दिखाई है। सरकार ने धान खरीदी कार्य से इंकार किए जाने पर भी रोक लगा दी है। बताया गया है कि यदि कोई कर्मचारी धान खरीदी के काम से इंकार करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि अलग-अलग मांगों को लेकर सहकारी समिति के कर्मचारी, कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर हैं।

हड़ताली सहकारी कर्मचारियों पर एस्मा लागू

गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है, कि धान खरीदी की अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की हड़ताल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. आदेश में कहा गया है कि खरीदी कार्य से इंकार करने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

काम पर नहीं लौटे तो होगी बड़ी कार्रवाई

सरकार का कहना है कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और धान खरीदी प्रक्रिया हर स्थिति में निर्बाध रूप से संचालित की जाएगी. गृह विभाग ने निर्देश दिए हैं कि कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर लौटें, अन्यथा आगे कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads