वादों के सहारे महिला मतदाताओं को लुभाने में लगी राजनीतिक पार्टियां
छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। जहां एक ओर कांग्रेस नारी न्याय गारंटी योजना को लेकर घर-घर जा रही है वहीं भाजपा महतारी वंदन योजना से महिलाओं को अपनी ओर साधने की कोशिश में लगी हुई है। बता दें कि इस बार सभी दलों का फोकस महिलाओं पर ही ज्यादा है। लोकसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेसी न्यारी न्याय योजना तो भाजपाई महतारी वंदन योजना से महिला वोटरों को साधने की कोशिश में लगे हैं। महिला मतदाताओं को अपनी ओर खींचने दोनों दलों ने विशेष योजना बनाई है जिस पर काम शुरू कर दिया गया है। लोकसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेसी न्यारी न्याय योजना तो भाजपाई महतारी वंदन योजना से महिला वोटरों को साधने की कोशिश में लगे हैं। भाजपा ने पार्टी के महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं को इस काम में लगाया है। वहीं कांग्रेस ने शहरी क्षेत्रों में नगरीय निकायों में पार्टी के पार्षदों व ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत प्रतिनिधियों को पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल नारी न्याय योजना की जानकारी महिला मतदाताओं तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी है। तथा फार्म भी भरवाया जा रहा है। दोनों ही दल महिलाओं को अपनी ओर खींचने में लगी हुई है।
बात करें दुर्ग संसदीय क्षेत्र की तो नये सांसद के लिए चुनाव सात मई को तीसरे चरण में होना है। इस लोकसभा क्षेत्र से इस बार 25 प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। मतदान में गिनती के दिन ही शेष रह गए हैं। ऐसे में चुनाव प्रचार को लेकर दोनों ही दलों के प्रत्याशी ने ताकत झोंक दी है। कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशी लोकसभा चुनाव के लिए अपने-अपने पार्टी द्वारा तैयार किए गए घोषणा पत्र को लेकर भी जनता के बीच जा रहे हैं। इसके अलावा कुछ राष्ट्रीय और कुछ स्थानीय मुद्दों को लेकर भी मतदाताओं से संवाद कर रहे हैं।
बता दें कि पिछले वर्ष नवंबर-दिसंबर में हुए छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में जिस महतारी वंदन योजना के सहारे भाजपा प्रदेश की सत्ता में वापस लौटी है, उस योजना के सहारे लोकसभा चुनाव में भी जीत हासिल करने रणनीति बनाई गई है। दुर्ग व भिलाई जिला भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों से मुलाकात करने उनके घर-घर जा रही हैं। इसके अलावा केंद्र की अन्य योजनाओं से लाभान्वित होने वाली महिलाओं हितग्राहियों से भी मुलाकात कर रही है। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा के सदस्यों ने महिलाओं का सम्मान बढ़ाने की दिशा में काम करने वाले नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने उक्त महिलाओं से निवेदन भी किया।
कांग्रेस ने भी इस बार इस लोकसभा चुनाव के लिए अपने घोषणा पत्र मे न्यारी न्याय योजना को शामिल किया है। योजना के तहत केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर बीपीएल महिलाओं को एक लाख रुपये सालाना देने की गारंटी दी है। नारी न्याय योजना के तहत महिलाओं से फार्म भरवाने की जिम्मेदारी नगरीय निकाय क्षेत्रों में पार्टी के पार्षदों, छाया पार्षदों व कार्यकर्ताओं व ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत प्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए आवेदन फार्म भी छपवाया गया। कांग्रेसी यह आवेदन फार्म लेकर महिला मतदाताओं के बीच पहुंच रहे हैं और उन्हें योजना की जानकारी देकर आवेदन भरवा रहे हैं। हालांकि इस अभियान को कांग्रेसी अभी अपेक्षित गति नहीं दे पा रहे हैं।
दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में लगभग 20 लाख 90 हजार 414 मतदाता हैं। इसमें लगभग 10 लाख 42 हजार पुरुष और 10 लाख 48 हजार 360 महिला मतदाता हैं। अन्य मतदाताओं की संख्या 54 है। इस लिहाज से संसदीय क्षेत्र में पुरुषों से महिला मतदाताओं की संख्या 6,630 अधिक है। इसलिए दोनों दल महिलाओं को रिझाने में लगे हुए है। आधी आबादी का रूख जिधर होगा जीत उसी की मानी जा रही है।