लोकसभा चुनाव 2024- नए चेहरे पार कराएंगे भाजपा की चुनावी वैतरणी......! - CGKIRAN

लोकसभा चुनाव 2024- नए चेहरे पार कराएंगे भाजपा की चुनावी वैतरणी......!

 


विधानसभा चुनाव 2023 में बड़ी जीत हासिल करने के बाद भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए मशक्कत तेज कर दी है। इसके लिए सभी लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी को नए चेहरे की तलाश है। जिस तरह भाजपा ने विधानसभा चुनाव में प्रयोग करके नए युवा चेहरे और प्रोफेशनल्स को चुनावी मैदान में उतारा था, उसी तरह इस बार भी पार्टी विभिन्न लोकसभा में सक्रिय नेताओं की तलाश में जुटी है। नए चेहरे लोकसभा चुनाव में भी भाजपा की चुनावी वैतरणी पार कराएंगे। विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा ने 47 सीटों पर नए चेहरे उतारे थे जो कि कुल विधानसभा सीटों 90 का 52 प्रतिशत है। इनमें भी 37 प्रत्याशी ऐसे रहे हैं, जिनकी आयु 50 वर्ष से कम रही है। वहीं कांग्रेस 32 नए चेहरों पर दांव खेला था, जो कुल सीटों का लगभग 34 प्रतिशत रहा है। परिणाम के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा में इस बार 90 में से 50 विधायक ऐसे हैं जो कि पहली बार चुनकर सदन में पहुंचे हैं।विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पूर्ण बहुमत से सरकार बना ली है, लेकिन इस दौरान कई नेता नाराज भी हुए हैं, जिसके पीछे टिकट न मिलना या बड़ी जिम्मेदारी न मिलना बड़ी वजह है।  पार्टी सूत्रों के अनुसार इनकी नाराजगी दूर करने और लोकसभा चुनाव में पार्टी के सभी नेताओं का सपोर्ट पाकर जीत हासिल करने के लिए पार्टी ने कार्ययोजना बनाई है। बताया जा रहा है कि भाजपा अगले छह महीने के अंदर निगम मंडल और संसदीय सचिव की नियुक्तियां कर सकती है। जिनमें इन्हीं बचे नेताओं को मौका मिल सकता है। 

लोकसभा में चलेगा विधानसभा का फार्मूला

विधानसभा चुनाव के फार्मूले पर ही भाजपा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की मोदी की गारंटी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्ष में किए गए कामों के सहारे जनता के बीच जाएगी। बूथ स्तर पर भाजपा मोदी के कामों की अलख जगाकर लोकसभा चुनाव की पृष्ठभूमि मजबूत करेगी।

विधानसभा चुनाव में लोकसभा के सदस्यों पर खेला था दांव

विधानसभा चुनाव में भाजपा ने लोकसभा सदस्यों पर दांव खेला था। इनमें दुर्ग लोकसभा सदस्य विजय बघेल, बिलासपुर लोकसभा सदस्य अरुण साव, सरगुजा लोकसभा सदस्य रेणुका सिंह, रायगढ़ लोकसभा सदस्य गोमती साय शामिल हैं। इन चारों में तीन लोकसभा सदस्य ने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की और विजय बघेल हार गए हैं।

वर्तमान में लोकसभा सीट की स्थिति

रायपुर सुनील सोनी, भाजपा

बिलासपुर रिक्त

दुर्ग विजय बघेल, भाजपा

रायगढ़ रिक्त

सरगुजा रिक्त

महासमुंद चुन्नीलाल साहू, भाजपा

राजनांदगांव संतोष पांडेय, भाजपा

कांकेर मोहन मंडावी, भाजपा

जांजगीर-चांपा गुहाराम अजगले, भाजपा

कोरबा ज्योत्सना महंत, कांग्रेस

बस्तर दीपक बैज, कांग्रेस


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads