साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी,मुख्यमंत्री साय ने किया नए साइबर थाने का लोकार्पण; नशामुक्ति अभियान भी शुरू - CGKIRAN

साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी,मुख्यमंत्री साय ने किया नए साइबर थाने का लोकार्पण; नशामुक्ति अभियान भी शुरू


छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में दुर्ग पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान सेक्टर-6 भिलाई में महिला थाना के समीप 33.24 लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित दुर्ग रेंज के साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष स्थित उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल, परिवार परामर्श केन्द्र के काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज को नशे की समस्या से मुक्त करने के उद्देश्य से पोस्टर विमोचन कर शुभारंभ संकल्प अभियान-नशामुक्ति का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवीन साइबर थाना भवन के लोकार्पण से दुर्ग रेंज में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं विवेचना के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साइबर थाना की स्थापना सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 एवं बौद्धिक संपदा अधिकारों से संबंधित अपराधों की रोकथाम एवं कार्रवाई के उद्देश्य से की गई है। साइबर थाना का क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज अंतर्गत दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा जिलों तक रहेगा। नवीन भवन से ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी एवं अन्य साइबर अपराधों की जांच, अपराधियों की पहचान तथा पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में पुलिस को मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-6 भिलाई में सीएसआर मद से 15 लाख रूपए की लागत से उन्नत किए गए एकलव्य प्रशिक्षण हॉल तथा जिला खनिज संस्थान न्यास मद से 10 लाख रूपए की लागत से निर्मित परिवार परामर्श केन्द्र के काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया। एकलव्य प्रशिक्षण हॉल के उन्नयन से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं परिवार परामर्श केन्द्र में काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष की सुविधा से पारिवारिक समस्याओं के निराकरण तथा महिलाओं एवं बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा के प्रारंभ होने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों को पुलिस सेवाएं सहजता से उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर संपर्क करें। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार की जानकारी देने और नशे की समस्या से प्रभावित लोगों को उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करने की अपील भी की है।

रुआबांधा पुलिस चौकी से क्षेत्र में बढ़ेगी सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने रुआबांधा पुलिस चौकी का भी उद्घाटन किया। नई पुलिस चौकी शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी मजबूत होगी और स्थानीय नागरिकों को पुलिस सेवाएं अधिक सुलभ हो सकेंगी।

नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस का ‘संकल्प अभियान’

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ का पोस्टर जारी कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत नशे की समस्या से निपटने के लिए तीन स्तरों पर कार्ययोजना तैयार की गई है।

अभियान के तीन प्रमुख चरण

जागरूकता एवं रोकथाम: गांवों, वार्डों, शिक्षण संस्थानों और परिवारों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा।

पुलिस कार्रवाई: मादक पदार्थों और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उपचार एवं पुनर्वास: नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।

इस अभियान में जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों की सहायता और सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।

मानस हेल्पलाइन : 1933

एएनटीएफ दुर्ग हेल्पलाइन : 94791-5151

साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत : 1930


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads