जनजातीय गौरव दिवस समारोह में विभागीय प्रदर्शनियों ने बिखेरी बस्तर की समृद्ध संस्कृति और विकास की झलक - CGKIRAN

जनजातीय गौरव दिवस समारोह में विभागीय प्रदर्शनियों ने बिखेरी बस्तर की समृद्ध संस्कृति और विकास की झलक


धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे ‘जनजातीय गौरव दिवस समारोह वर्ष 2026’ (जनजातीय गौरव सप्ताह) के पावन अवसर पर बुधवार को स्थानीय शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गरिमामय समारोह में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाई गई ज्ञानवर्धक और आकर्षक प्रदर्शनियों ने आगंतुकों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया, जहां बस्तर की पारंपरिक विरासत के साथ-साथ जनजातीय समुदाय के उत्थान हेतु संचालित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जीवंत झलक देखने को मिली।

समारोह में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग की प्रदर्शनी आस्था और विकास के संगम के रूप में उभरी, जिसके प्रवेश द्वार पर पारंपरिक बस्तरिया देवगुड़ी का सजीव मॉडल सजाया गया था। विभाग द्वारा देवगुड़ी कायाकल्प योजना के तहत जिले में स्वीकृत 1758 स्थलों (693 देवगुड़ी, 1020 मातागुड़ी एवं 45 मृतक स्मारक) के संरक्षण कार्यों को रेखांकित किया गया। स्टॉल पर मिट्टी के बर्तनों और पत्तों के दोनों में पारंपरिक पेय व व्यंजन जैसे आमट और पेज, कोसरा, जोंधरी, तिल, चिकमा, हिरवां दाल, लाल झुनॅंगा, सफरी धान, पीता कांदा और केऊ कांदा जैसे पारंपरिक अनाजों तथा ढेकी, कोटनी, पेलना, मूसर और गरीलाठी जैसे पुरातन उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही आदि कर्मयोगी अभियान (धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान 2.0) के प्रथम चरण में 7 विकासखंडों के 377 गांवों के 5.3 लाख नागरिकों के जीवन में बदलाव के लक्ष्य, प्रयास एवं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, विज्ञान एवं वाणिज्य केंद्र, युवा कैरियर योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति एवं भोजन सहाय योजना तथा सांस्कृतिक दलों को दी जाने वाली 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता की जानकारी साझा की गई।

इसी कड़ी में जिला पंचायत के स्टॉल पर ग्रामीण विकास, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण के नवाचारों को प्रमुखता से दर्शाया गया। स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित पारंपरिक काष्ठ शिल्प, बेल मेटल (ढोकरा) कलाकृतियां, बांस के उत्पाद और प्रसंस्कृत वनोपज उत्पादों ने स्थानीय कारीगरी की मिसाल पेश की। वहीं प्लास्टिक अपशिष्ट मुक्त बस्तर अभियान के अंतर्गत समृद्धि - मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर और सिरी - मटेरियल रीसाइक्लिंग सेंटर की कार्यप्रणाली तथा खुशियों का आशियाना थीम पर आधारित प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से ग्रामीण परिवारों के पक्के मकान के सपने को साकार करने की उपलब्धियों से नागरिकों को अवगत कराया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रदर्शनी में राज्य एवं केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसमें महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत प्रथम बच्चे के जन्म पर दो किस्तों में 5,000 रुपये (3,000 रुपये एवं 2,000 रुपये) तथा द्वितीय बालिका के जन्म पर एकमुश्त 6,000 रुपये की डीबीटी सहायता को प्रमुखता से दर्शाया गया। स्टॉल पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत अधिकतम 50,000 रुपये व्यय (35,000 रुपये का बैंक ड्राफ्ट, 7,000 रुपये की श्रृंगार सामग्री एवं 8,000 रुपये विवाह आयोजन हेतु), नोनी सुरक्षा योजना के अंतर्गत कक्षा 12वीं उत्तीर्ण एवं 18 वर्ष तक अविवाहित रहने वाली पंजीकृत बालिकाओं को 1 लाख रुपये की सहायता, सुकन्या समृद्धि योजना (न्यूनतम 250 रुपये से अधिकतम 1.5 लाख रुपये वार्षिक जमा) तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों को सरल भाषा में समझाया गया। साथ ही स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित पारंपरिक आभूषण, सजावटी फूल, परिधान, के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध रही। यहां रेडी-टू-ईट पोषण आहार और स्थानीय व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी।

वन धन से समृद्धि, जनजातीय समाज की प्रगति के संदेश के साथ वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ (जिला यूनियन, जगदलपुर) की प्रदर्शनी ने वनोपज आधारित आजीविका की जीवंत झांकी प्रस्तुत की। स्टॉल पर कच्चे वनोपज जैसे इमली, महुआ, काजू, चिरायता और कालमेघ के साथ-साथ महिला समूहों द्वारा तैयार बस्तर काजू, इमली कैंडी, मसाला काजू, काजू कतली, शुद्ध शहद, लाख पालन उत्पाद और छत्तीसगढ़ हर्बल्स के आयुर्वेदिक उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। विभागीय कर्मचारियों ने आगंतुकों को तेंदूपत्ता संग्रहण एवं भुगतान, राजमोहिनी देवी तेंदूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना, चरण पादुका वितरण और संग्राहक परिवारों के मेधावी बच्चों के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी।

समारोह में स्कूल शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी में बस्तर के विद्यार्थियों ने कार्बन प्यूरीफिकेशन मॉडल, विंड एनर्जी प्रोजेक्ट और यांत्रिक नवाचार से जुड़े कार्यशील मॉडलों के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का लोहा मनवाया। स्टॉल पर पीएम श्री उत्कृष्ट विद्यालयों, अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों की उपलब्धियों के साथ सरस्वती साइकिल वितरण योजना, जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश कोचिंग, सुपर गर्ल-बालिका सशक्तिकरण, क्रिएटर हब, पुस्तक दान अभियान, नशा मुक्ति अभियान और एक पेड़ माँ के नाम जैसे अभियानों की जानकारी साझा की गई। दूसरी ओर, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की प्रदर्शनी में श्री अन्न को बढ़ावा देते हुए कोदो चावल, रागी आटा, रागी माल्ट, धान की उन्नत बालियां और पारंपरिक कंदमूल फसलों के नमूनों के साथ इफको के नैनो यूरिया, नैनो डीएपी और पंचामृत जैव-उत्पादों की उपयोगिता बताई गई। स्टॉल पर विद्युत सिंचाई पंप और स्प्रेयर मशीनों का प्रदर्शन करते हुए शाकम्भरी योजना के अनुदान, दलहन की 5 साल के अंदर की किस्म पर 6000 रुपये प्रति क्विंटल व 5 साल से बाहर की किस्म पर 3000 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान, दलहन फसल प्रदर्शन पर 10,000 रुपये अनुदान एवं निःशुल्क बीज मिनीकिट वितरण की जानकारी देकर किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र से जुड़ने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे ग्रामीणों, विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों ने सभी स्टॉलों का अवलोकन कर स्थानीय प्रतिभाओं और प्रशासनिक प्रयासों की सराहना की।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads