छत्तीसगढ़ में ‘लइका चिन्हारी’ एप से होगी ड्रॉपआउट बच्चों की डिजिटल पहचान - CGKIRAN

छत्तीसगढ़ में ‘लइका चिन्हारी’ एप से होगी ड्रॉपआउट बच्चों की डिजिटल पहचान


छत्तीसगढ़ में स्कूल से ड्रॉपआउट बच्चों को फिर से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। कोई भी बच्चा शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित न रहे और शाला छोड़ चुके अथवा अब तक विद्यालय में प्रवेश नहीं ले पाए बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः शिक्षा से जोड़ा जा सके, इस उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन एवं समग्र शिक्षा विभाग द्वारा ‘लइका चिन्हारी’ मोबाइल ऐप का संचालन किया जा रहा है। इस ऐप के माध्यम से शाला त्यागी (ड्रॉपआउट), अप्रवेशी तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों का चिन्हांकन, विवरण संधारण और डिजिटल ट्रैकिंग की जाएगी। इसी कड़ी में पथरिया स्थित बीआरसी भवन में संकुल समन्वयकों के लिए एक दिवसीय गतिविधि आधारित प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में संकुल समन्वयकों को ऐप की कार्यप्रणाली, तकनीकी सुविधाओं और सर्वे प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्रशिक्षण को व्यावहारिक बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ऐप के उपयोग का अभ्यास भी कराया गया। मास्टर ट्रेनर श्री चंद्रशेखर उपाध्याय एवं प्रभारी एपीसी श्री तीरथ प्रसाद ने प्रशिक्षण के दौरान एंड्रॉइड मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड करने, इंस्टॉलेशन एवं प्रोफाइल पंजीयन की प्रक्रिया को बताया। इसके बाद संकुल समन्वयक स्तर पर ऑनलाइन सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। घर-घर सर्वे के दौरान बच्चों का व्यक्तिगत विवरण, आयु, श्रेणी एवं शाला छोड़ने के कारणों को ऐप में दर्ज करने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में ऑफलाइन मोड में डेटा सुरक्षित रखने तथा नेटवर्क उपलब्ध होने पर उसे सर्वर से सिंक करने की तकनीकी जानकारी दी गई। इसके साथ ही चिन्हांकित बच्चों के विद्यालय में प्रवेश, यू-डाइस कोड अपडेट करने तथा प्रोत्साहन राशि के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रतिभा मंडलोई और एबीईओ श्री रवि पाल राठौर ने प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बच्चों के चिन्हांकन एवं सर्वे कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण में सभी संकुल समन्वयकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा ऐप के संचालन एवं तकनीकी प्रक्रियाओं से जुड़ी अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में बीआरसीसी श्री अशोक कुमार यादव ने प्रशिक्षण के सफल आयोजन के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स, अधिकारियों एवं उपस्थित संकुल समन्वयकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads