पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी - CGKIRAN

पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी है। इसके तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में करीब 500 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई है। केंद्र सरकार की इस योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की प्रमुख किसान कल्याण योजनाओं में शामिल है। इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपए की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है। प्रत्येक किस्त में 2,000 रुपए सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजे जाते हैं। योजना का उद्देश्य छोटे और सीमांत सहित पात्र किसान परिवारों को खेती-किसानी से जुड़ी आर्थिक जरूरतों में सहयोग देना है। राशि सीधे बैंक खाते में पहुंचने से किसानों को इसका लाभ प्राप्त करने में सुविधा होती है।

मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की है। छत्तीसगढ़ के 24 लाख से अधिक किसानों के खातों में लगभग 500 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई है। इसके लिए प्रदेश के सभी किसान भाइयों को बहुत-बहुत बधाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक रूप से संबल प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इसके माध्यम से किसानों को खेती के लिए जरूरी संसाधनों की व्यवस्था करने में सहायता मिलती है। किसानों को समय-समय पर मिलने वाली यह आर्थिक मदद बीज, खाद और अन्य कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा करने में उपयोगी साबित होती है।

छत्तीसगढ़ में 24 लाख से अधिक किसानों को 24वीं किस्त का लाभ मिलने से प्रदेश के कृषि परिवारों को आर्थिक सहायता मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को बधाई देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके आर्थिक सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

Previous article
This Is The Newest Post
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads