सिंचाई के संकट में अलसी बन सकती किसानों का सहारा
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में किसान धान की कटाई के बाद सोच विचार में लगे रहते हैं कि कौन सी फसल की खेती करेंगे तो अधिक मुनाफा होगा. बरसात बीतने के बाद जब ठंड आती है तो वैसे भी खेत सूखे रहते हैं. ऐसे में जब धान कटाई होती है, तो खेत खाली हो जाता है. ऐसे में अगर किसान दूसरा कोई ऐसा फसल लगाना चाहता है और सिंचाई का साधन नहीं है तो कोई बात नहीं अब बिना सिंचाई के भी किसान ठंड में खेती करके दोहरी उत्पादन ले सकते हैं. दरअसल, रात में गिरी ओस की बूंद इस समय सिंचाई का काम करती है. ऐसे में अलसी एक ऐसी फसल है, जिसे आप बिना पानी के खेती करके आमदनी कमा सकते हैं. लेकिन सावधानी बरतनी उतनी ही जरूरी होती है.
धान कटाई के बाद अलसी से ले सकते है फायदा
धान की कटाई के बाद खेतों में दूसरी फसल लगाने की तैयारी कर रहे किसानों के लिए अलसी की खेती कम लागत में अतिरिक्त आमदनी का अच्छा विकल्प बन सकती है. खासकर ऐसे किसान जिनके पास सिंचाई के पर्याप्त साधन नहीं हैं, वे अलसी की खेती कर सकते हैं. कृषि विशेषज्ञ पवन कुमार ने लोकल 18 को बताया कि अलसी की फसल में पानी की बहुत कम आवश्यकता होती है. खेत में पहले से मौजूद नमी और रात में गिरने वाली ओस की बूंदें फसल के विकास में मदद करती हैं.
धान कटाई के बाद हल्की जुताई कर करें बुवाई
कृषि विशेषज्ञ के अनुसार, धान की कटाई के बाद किसान खेत की हल्की जुताई कर सकते हैं. इसके लिए बहुत अधिक जुताई की जरूरत नहीं होती है. खेत की मिट्टी भुरभुरी होने पर सीधे अलसी के बीज की बुवाई की जा सकती है. एक हेक्टेयर खेत में लगभग 4 से 5 किलो बीज की आवश्यकता होती है. इससे किसान कम मात्रा में बीज का उपयोग कर खेती की शुरुआत कर सकते हैं.
ओस की बूंदों से बनी रहती है फसल में नमी
अलसी की खेती की सबसे खास बात इसकी कम पानी की जरूरत है. कृषि विशेषज्ञ पवन कुमार बताते हैं कि खेत में पहले से मौजूद नमी से बीज का अंकुरण होता है. इसके बाद रात में गिरने वाली ओस की बूंदें भी फसल में नमी बनाए रखने में मदद करती हैं. यही वजह है कि जिन किसानों के पास सिंचाई की सुविधा नहीं है, उनके लिए अलसी की खेती एक अच्छा विकल्प है.
जैविक खाद से भी कर सकते हैं खेती
अलसी की खेती के लिए किसान जैविक खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिन किसानों के पास गोबर खाद उपलब्ध है. वे खेत में इसका उपयोग कर सकते हैं. इसके अलावा जरूरत के अनुसार रासायनिक खाद का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. कृषि विशेषज्ञ ने बताया कि कृषि विभाग किसानों को मिट्टी और फसल की जरूरत के अनुसार खाद के इस्तेमाल की सलाह देता है.
सरगुजा के कई क्षेत्रों में होती है अलसी की खेती
सरगुजा जिले के ऊपरी और तराई दोनों क्षेत्रों में किसान अलसी की खेती करते हैं. पैगा, असगवा और बसरपानी जैसे क्षेत्रों में इसकी खेती की जाती है. वहीं, दरिमा सहित आसपास के इलाकों में भी किसान इस पारंपरिक फसल को अपनाते हैं. कृषि विभाग की ओर से किसानों को अलसी के बीज उपलब्ध कराए जाते हैं और नए किसानों को इसकी खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाता है.
सिंचाई की सुविधा है तो सरसों भी बेहतर विकल्प
कृषि विशेषज्ञ के मुताबिक, जिन किसानों के पास सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था है, वे सरसों की खेती भी कर सकते हैं. हालांकि, सरसों की फसल में सामान्य तौर पर तीन बार तक सिंचाई की जरूरत पड़ सकती है. वहीं, अलसी की खेती कम पानी में भी की जा सकती है. ऐसे में किसान अपनी जमीन और पानी की उपलब्धता के अनुसार फसल का चयन कर सकते हैं.
पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने की जरूरत
अलसी सरगुजा की पारंपरिक फसलों में शामिल है. कृषि विशेषज्ञ का कहना है कि यह फसल विलुप्त नहीं हुई है, बल्कि आज भी क्षेत्र के कई किसान इसकी खेती कर रहे हैं. कृषि विभाग भी बीज वितरण और तकनीकी सलाह के माध्यम से किसानों को अलसी की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहा है.