राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 7 एवं 8 अक्टूबर को रायपुर में, 8 हजार से अधिक पदों पर रोजगार के अवसर
प्रदेश के युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के माननीय मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।
राज्य स्तरीय रोजगार मेले में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 8 हजार से अधिक पदों पर भर्ती के अवसर उपलब्ध हैं। आवश्यकता के अनुसार रिक्त पदों की संख्या में वृद्धि भी संभावित है। रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। इनमें क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, वर्धमान टेक्सटाइल्स, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सुतलेज टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंस्टाकार्ट, एनआईआईटी, एआईएसईसीटी, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्रा माइक्रोफिन, शांता टेक्नो, रजत इक्विपमेंट्स एवं फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट सहित अन्य नियोक्ता शामिल हैं।
जिले के बेरोजगार एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं से अपील की गई है कि वे रोजगार मेले में भाग लेने के लिए ई-रोजगार पोर्टल पर अपना पंजीयन एवं आवेदन करें। पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न पदों, कंपनियों एवं रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है। जिले के पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए राज्य स्तरीय रोजगार मेले में भाग लेने की तिथि 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में उपस्थित होकर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, दंतेवाड़ा अथवा दूरभाष क्रमांक 07856-252520 पर संपर्क किया जा सकता है।
