सामाजिक सुरक्षा पेंशन से कोई पात्र हितग्राही वंचित न रहे, घर-घर पहुंच रही टीम
जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक निर्बाध रूप से पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे, इसके लिए कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में पेंशन हितग्राहियों का डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत कुसमी के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोपातू और जमीरापाट में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने घर-घर पहुंचकर पेंशन हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन किया। दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद टीम ने प्रत्येक हितग्राही से मुलाकात कर उनकी पात्रता, पेंशन प्राप्ति की स्थिति एवं आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभ से वंचित न रहे।
ग्राम जमीरापाट की श्रीमती सुंदरी नगेशिया एवं ग्राम गोपातू की श्रीमती मुली नगेशिया ने कहा कि हमारा गांव दूरस्थ क्षेत्र में है। पहले लगा था कि सत्यापन के लिए हमें कार्यालय जाना पड़ेगा, लेकिन प्रशासन की टीम खुद हमारे घर पहुंची। उन्होंने हमारी जानकारी और दस्तावेजों का सत्यापन किया। इससे हमें भरोसा हुआ कि हमारी पेंशन बिना किसी परेशानी के मिलती रहेगी। हम खुश हैं कि दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर हमारी सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है।
सत्यापन अभियान के तहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्राम पंचायतों में घर-घर पहुंचकर वृद्धा, विधवा, दिव्यांग एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के दौरान हितग्राहियों की पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों तथा पेंशन प्राप्ति की स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है, ताकि किसी भी पात्र हितग्राही का नाम किसी कारणवश छूटने न पाए।
गौरतलब है कि शासन-प्रशासन द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ वास्तविक और पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। इसी उद्देश्य को लेकर जिलेभर में पेंशन प्राप्त हितग्राहियों का सत्यापन किया जा रहा है।
