वर्षा ऋतु में स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता, गांव-गांव पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं - CGKIRAN

वर्षा ऋतु में स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता, गांव-गांव पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं


छत्तीसगढ़ शासन की जनस्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता के तहत वर्षा ऋतु में मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। सूरजपुर जिले के विकासखंड ओड़गी अंतर्गत ग्राम पंचायत कोल्हुआ में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर में 398 ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।

शिविर में मौसमी बीमारियों से प्रभावित 100 से अधिक मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। साथ ही लगभग 40 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, 50 से अधिक लोगों की उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई। विभिन्न सामान्य रोगों से पीड़ित मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाइयां तथा जरूरतमंद मरीजों के रक्त नमूने भी जांच के लिए लिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर के दौरान मलेरिया, क्षय रोग (टीबी), कुष्ठ रोग एवं त्वचा संबंधी बीमारियों की स्क्रीनिंग भी की। ग्रामीणों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, संतुलित आहार, नशा मुक्ति तथा वर्षा ऋतु में संक्रमणजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। शिविर का प्रमुख आकर्षण वैज्ञानिक उपचार के प्रति जनजागरूकता रहा। 

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ग्रामीणों से अपील की कि सांप, बिच्छू अथवा अन्य विषैले जीव-जंतुओं के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तत्काल निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार कराएं, जिससे गंभीर परिस्थितियों से बचा जा सके।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के विशेष स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य लोगों को उनके गांव के समीप ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, बीमारियों की समय पर पहचान करना तथा उपचार के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वर्षा ऋतु के दौरान ऐसे शिविरों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads