अंबिकापुर में योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया सामूहिक योगाभ्यास - CGKIRAN

अंबिकापुर में योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया सामूहिक योगाभ्यास


12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हजारों लोगों के साथ भाग लिया। योगाभ्यास के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को तनावमुक्त रहने, आत्मविश्वास बढ़ाने और जीवन की कठिन परिस्थितियों का सकारात्मक सोच के साथ सामना करने की शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने प्रदेश के नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, ताकि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकें।

अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने योग दिवस को उत्सव का रूप दे दिया। मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक राम कुमार टोप्पो सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी योगाभ्यास किया।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि योग स्वास्थ्य और आरोग्य की ऐसी विश्वसनीय साधना है, जो जीवन के हर चरण में व्यक्ति का मार्गदर्शन करती है। योग शरीर को निरोग, मन को शांत और विचारों को सकारात्मक बनाता है। मधुमेह, उच्च रक्तचाप, तनाव, अनिद्रा और मोटापे जैसी जीवनशैली जनित समस्याओं से बचाव में योग अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान भी आज योग की उपयोगिता को स्वीकार कर रहा है और इसे बेहतर स्वास्थ्य के महत्वपूर्ण आधार के रूप में देख रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और सतत प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत द्वारा रखे गए प्रस्ताव को रिकॉर्ड समय में व्यापक समर्थन प्राप्त होना इस बात का प्रमाण है कि विश्व ने भारतीय ज्ञान परंपरा और योग की उपयोगिता को स्वीकार किया है। आज 21 जून को पूरी दुनिया जिस उत्साह से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रही है, वह भारत की सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक नेतृत्व का गौरवशाली उदाहरण है।

योग दिवस के इस आयोजन ने न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया, बल्कि सामूहिक सहभागिता के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी दी।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads