सीएम साय से जापान के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात: निवेश, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विस्तार को लेकर हुई चर्चा
छत्तीसगढ़ में विदेशी निवेश और औद्योगिक विस्तार को नई गति देने की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली, जब जापान के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर निवेश, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री निवास में हुई इस बैठक में प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल, नई औद्योगिक नीति और जापानी तकनीक के उपयोग पर विशेष फोकस रहा। बातचीत के दौरान औद्योगिक परियोजनाओं, रोजगार सृजन और तकनीकी साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगोन्मुखी नीतियों के जरिए छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेशकों के लिए मजबूत डेस्टिनेशन के रूप में विकसित कर रही है। उन्होंने जापान की तकनीकी दक्षता को प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सहयोग बढ़ने पर भरोसा जताया।बैठक में यह भी माना गया कि जापानी निवेश और तकनीकी भागीरी से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे और औद्योगिक आधार मजबूत होगा। मुख्यमंत्री ने अपने जापान दौरे के अनुभवों का जिक्र करते हुए निवेश संबंधों को और मजबूत करने की बात कही।
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने भी छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति और निवेश अनुकूल वातावरण की सराहना की। प्रतिनिधियों ने राज्य में उद्योग विस्तार और भविष्य में निवेश बढ़ाने की इच्छा जताई। मुलाकात के दौरान उद्योग, लॉजिस्टिक्स और खनन क्षेत्र से जुड़े कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक को छत्तीसगढ़ और जापान के बीच आर्थिक सहयोग की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
