30 अप्रैल को आएंगे बोर्ड परीक्षा परिणाम
पश्चिम बंगाल चुनावी दौरे से लौटने के बाद दुर्ग विधायक और छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सोमवार को अपने कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने जनसुनवाई करते हुए लोगों से सीधा संवाद किया. करीब 15 दिनों बाद कार्यालय पहुंचने पर बड़ी संख्या में नगरवासी उनसे मिलने पहुंचे और अपनी समस्याएं साझा कीं. इस दौरान बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट को लेकर उन्होंने बड़ा बयान दिया.
शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर मंत्री गजेंद्र यादव ने विस्तार से बात की. उन्होंने बताया कि 10वीं-12वीं के परीक्षा परिणाम 30 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे. वहीं आधार लिंकिंग के कारण 10 लाख छात्रों की संख्या घटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कई छात्रों ने अभी आधार लिंक नहीं किया है, जिसके चलते यह स्थिति बनी है. सभी छात्रों का ऑनलाइन पंजीयन किया जा रहा है और किसी भी गड़बड़ी की जांच कराई जाएगी.
15 जून से शाला प्रवेश उत्सव
एनसीईआरटी पुस्तकों को लेकर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश के बावजूद निजी प्रकाशकों की किताबें खरीदी जा रही हैं, जिस पर कलेक्टरों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. स्कूल खुलने को लेकर उन्होंने कहा कि 15 जून और 22 जून को शाला प्रवेश उत्सव के दौरान छात्रों को यूनिफॉर्म, साइकिल और किताबें देने की तैयारी है. बलरामपुर में यूनिफॉर्म कचरे में मिलने के मामले पर उन्होंने जांच के निर्देश दिए हैं.
