सीएम विष्णुदेव साय से नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने की मुलाकात
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय से सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय कक्ष में नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि संसद के उच्च सदन राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं, विकास से जुड़े मुद्दों तथा आमजन की अपेक्षाओं को सशक्त रूप से रखने में श्रीमती लक्ष्मी वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव, विधायक अनुज शर्मा, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। दोनों नेत्री सोमवार को प्रमाण पत्र लेने विधानसभा भवन पहुंचीं। इस दौरान दोनों सांसदों ने मिठाई खिलाकर और गले लगाकर एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। इस मौके पर बीजेपी और कांग्रेस के नेता मौजूद रहे। सभी ने दोनों नेत्रियों को बधाई और शुभकामनायें दी हैं।
नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय कक्ष में मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संसद के उच्च सदन राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं, विकास से जुड़े मुद्दों और आमजन की अपेक्षाओं को सशक्त रूप से रखने में लक्ष्मी वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति और कार्यकर्ताओं का सम्मान : किरण देव
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्विरोध निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई दी और कहा कि वर्मा का चयन भाजपा के जमीनी कार्यकर्ताओं के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय नेतृत्व के अटूट विश्वास का प्रतीक है। श्रीमती वर्मा ने संगठन में जिस समर्पण के साथ कार्य किया है, अब उसकी गूंज देश की सबसे बड़ी पंचायत में सुनाई देगी। यह निर्वाचन छत्तीसगढ़ की महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
संगठन की मजबूती का परिणाम है लक्ष्मी वर्मा की जीत : अरुण साव
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा निर्वाचन की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संगठन में निरंतर सक्रिय रहने वाली और कार्यकर्ताओं के बीच गहरा प्रभाव रखने वाली लक्ष्मी वर्मा का निर्विरोध चुना जाना संगठन की एकजुटता और अनुशासन को दर्शाता है। उनके अनुभव का लाभ न केवल छत्तीसगढ़ को मिलेगा, बल्कि केंद्र में भी वे प्रदेश के विषयों को मुखरता से रखेंगीं।
निष्ठावान कार्यकर्ता का उचित सम्मान : विजय शर्मा
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा अपने परिश्रमी कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया है। लक्ष्मी वर्मा का राज्यसभा जाना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा में एक बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी सर्वोच्च सदन तक पहुँच सकता है। उनके निर्विरोध निर्वाचन से पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर है।
राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की आवाज और बुलंद होगी : डॉ. सरोज पाण्डेय
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पाण्डेय ने श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की एक अनुभवी और प्रखर महिला नेत्री का राज्यसभा जाना गौरव का विषय है। श्रीमती वर्मा ने सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में जो कार्य किए हैं, वे प्रेरणादायक हैं। सदन में उनके प्रवेश से छत्तीसगढ़ के विकास और महिला हितों से जुड़े मुद्दों को नई ऊर्जा मिलेगी।
लक्ष्मी वर्मा का निर्वाचन नारी शक्ति की विजय : लता उसेण्डी
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और कोण्डागाँव विधायक लता उसेण्डी ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह प्रदेश की नारी शक्ति की जीत है। वर्मा ने हमेशा वंचितों और महिलाओं की आवाज बुलंद की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा महिलाओं को नेतृत्व के हर स्तर पर अवसर प्रदान कर रही है, श्रीमती वर्मा की जीत इसका प्रमाण है।
