होली के मौके पर 128 करोड़ की शराब गटक गए छत्तीसगढ़ के लोग, जमकर हुई शराब की बिक्री
छत्तीसगढ़ में होली के मौके पर जमकर शराब की बिक्री हुई है। राज्य में शराब बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना है। 3 मार्च को पूरे राज्य में एक ही दिन में करीब 128 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री दर्ज हुई है। इसे अभी तक की एक दिन में सबसे बड़ी बिक्री माना जा रहा है। 4 मार्च को प्रदेश में होली मनाई गई थी और इस दिन शराब की दुकानें बंद थीं। आबकारी विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, होली के मौके पर शराब की मांग बढ़ गई थी। 4 मार्च को ड्राई डे घोषित किया गया था जिस कारण से मांग बढ़ी थी। आमतौर पर छत्तीसगढ़ में औसतन लगभग 40 करोड़ रुपये की शराब बिक्री प्रतिदिन होती है लेकिन होली के मौके पर यह आम दिनों से कई गुना ज्यादा थी।
रायपुर में 58 करोड़ 10 लाख के शराब गटक गए मदिरा प्रेमी
आबकारी विभाग के आंड़कों के अनुसार रायपुर जिले में होली के दौरान महज चार दिनों में शराब प्रेमी 58 करोड़ 10 लाख रुपए की शराब गटक गए। पिछले साल की तुलना में इस बार 91 लाख रुपए की ज्यादा शराब लोगों ने पी है। होली के दिन याने 4 मार्च को शराब दुकान बंद थी, लेकिन होली की खुमारी अगले दिन भी छाई रही, नतीजतन शौकिनों ने 5 मार्च को महज 8 करोड़ 31 लाख रुपए की ही शराब पी, लेकिन असली खरीदारी तो होली के पहले हुई। होली के एक दिन पहले लोगों ने 21 करोड़ 73 लाख रुपए की शराब पी। इसके एक दिन पहले याने 2 मार्च को शराब खरीदी का आंकड़ा 15 करोड़ 94 लाख रुपए का रहा और उसके एक दिन पहले होली के तीन दिन पहले 1 मार्च को लोगों ने 12 करोड़ 11 लाख रुपए की शराब पी।
होली के दिन घोषित था ड्राई डे
छत्तीसगढ़ में आबकारी विभाग ने एक्साइज पॉलिसी में बदलाव किया गया था। पहले यह जानकारी दी गई थी कि होली के दिन राज्य में शराब की दुकानें खुली रहेंगी। उसके बाद इस फैसले को पलट दिया गया था। सीएम विष्णुदेव साय ने खुद सोशल मीडिया में पोस्ट कर कहा था कि राज्य सरकार ने होली के दिन राज्य में शराब की दुकानें बंद करने का फैसला किया है। इसके बाद शराब की दुकानें पूरे प्रदेश में होली के दिन बंद थीं।
