करोड़ से बनेगा भिलाई का तीसरा डबल लेन अंडरब्रिज
नया अंडरब्रिज एल शेप में होगा। जिसका एक सिरा रेल लाइन पार कर खुर्सीपार गेट की ओर होगा। इसका एप्रोच रोड बीएसपी की बाउंड्रीवाल व रेल लाइन के बीच खाली जगह से निकलेगा। वहीं फोरलेन की ओर वाला सिरा डबरापारा तिराहा पर आकर मिलेगा। खुर्सीपार रेलवे क्रासिंग के लिए अंडरब्रिज का निर्माण रेलवे ने शुरू कर दिया है। यह अंडरब्रिज वर्तमान रेलवे क्रासिंग से करीब एक किलोमीटर दूर निगम के मिनी स्टेडियम परिसर के पास बनेगा, जहां हाल ही मे शराब की दुकान भी खुली है। यह अंडरब्रिज बीएसपी में आने वा जाने वाले भारी वाहनों की क्षमता व आकार को देखते हुए बनाया जाएगा। इस अंडरब्रिज से निकलते ही भारी वाहन सीधे फोरलेन के डबरापारा तिराहा पर पहुंच जाएंगे। इस अंडरब्रिज के बनने से खुर्सीपार तिराहा पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। यह अंडरब्रिज एक साल में बनकर तैयार होगा।
अभी फोरलेन के अलावा यहां से ट्रांसपोर्ट नगर जाने का रोड है। इसके बनने से जहां खुर्सीपार तिराहा पर यातायात का दबाव कम हो जाएगा, वहीं ट्रांसपोर्ट नगर अथवा रायपुर से प्लांट आने वा जाने वाले वाहनों को डबरापारा तिराहा से आसानी होगी। संयंत्र में भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए पांच फीट उंचा और डबल लेन वाला बनाएगा। नए अंडरब्रिज की उंचाई सिरसा अंडरब्रिज की तरह ही होगी। वहीं भिलाई में यह तीसरा डबल लेन वाला अंडरब्रिज होगा। इस तरह के डबल लेन वाला अंडरब्रिज सुपेला एवं नेहरू नगर में है।
रेलवे द्वारा मुंबई हावड़ा मुख्य रेल लाइन पर सभी क्रासिंग को एक एक कर बंद किया जा रहा है। इसे बंद करने से पहले इन स्थानों पर अंडरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। कुम्हारी में उरला, एच केबिन, जी केबिन, भिलाई-3, पावर हाउस, सुपेला, नेहरू नगर, रायपुर नाका व धमधा नाका आदि क्रासिंग पर अंडरब्रिज का निर्माण हो गया है और इन स्थानों पर रेलवे क्रासिंग को बंद कर दिया गया है। वर्तमान में खुर्सीपार एवं कुम्हारी का परसदा क्रासिंग ही बच गया है। परसदा में निर्माण कार्य जारी है। वहीं खुर्सीपार में निर्माण कार्य के लिए अर्थ वर्क शुरू हो गया है।
