नीतीश कल लेंगे बिहार के सीएम पद की शपथ, 10वीं बार बनेंगे मुख्यमंत्री
एनडीए विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को फिर से नेता चुन लिया गया। शपथ ग्रहण समारोह कल आयोजित होगा। नीतीश कुमार ही बिहार के अगले सीएम होंगे और कल यानी 20 नवंबर को नीतीश पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सीएम पद की शपथ लेंगे। एनडीए विधायक दल की बैठक के बाद बिहार में सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया है। नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री बनेंगे, जबकि सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नई कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत कुल 20 मंत्री शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा होंगे, इसमें सहयोगी दलों को भी उचित प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है जिसमें उन्होंने नई सरकार का एजेंडा बता दिया है। नीतीश ने एक ही लाइन में कह दिया है कि अब और ज्यादा विकास करना है, पहले से ज्यादा काम करना है।
नीतीश ने आगे कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री का बिहार को पूरा सहयोग मिल रहा है। इसके साथ ही नीतीश ने लालू की पार्टी राजद पर बिना नाम लिए निशाने साधते हुए 2005 से पहले वालों ने कोई काम किया? उन्होंने कहा कि ये सेंट्रल हॉल भी तो हम लोग का ही बनाया हुआ है। अब सब जब तय हो गया है तो बिहार का और तेजी से विकास होगा। हमें मिलकर काम करना है।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों हो गए फिक्स
नीतीश कुमार कल दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ भाजपा से सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। यह फैसला एनडीए की बैठक में लिया गया, जिससे सरकार की रूपरेखा स्पष्ट हो गई है।
किस दल से कितने मंत्री होंगे शामिल?
शपथ ग्रहण में मुख्यमंत्री समेत कुल 20 मंत्री शामिल होंगे। उपमुख्यमंत्रियों के अलावा, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से 8-8 मंत्री शपथ लेंगे। इसके अतिरिक्त, रालोसपा, रालोमो और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) से एक-एक मंत्री शपथ लेंगे।
गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह
दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को 243 सीटों में से 202 सीटों पर प्रचंड जीत मिली है. ऐसे में नीतीश कुमार एक बार फिर से 20 नवंबर को गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. जिसमें प्रधानमंत्री से लेकर 16 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे.
