देशभक्ति के रंग में रंगा छत्तीसगढ़, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर पुलिस ग्राउंड में किया ध्वाजारोहण
देश का 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह आज राजधानी रायपुर के पुलिस ग्राउंड में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। उसके बाद राज्य की जनता को संबोधित किया। प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत गौरव का दिन है.अंग्रेजी साम्राज्यवाद से लड़ते हुए हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपना सर्वस्व बलिदान कर हमें स्वतंत्रता का उजाला सौंपा. अपने भाषण के दौरान उन्होंने प्रदेश में चल रही विकास योजना का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया। जिसमें उन्होंने भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम की बात कही। सीएम ने अपने भाषण में भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था का वर्णन भी किया और बताया भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थ व्यवस्था बन गया है। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और सेना के वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि हम छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों की विकास यात्रा को ''छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव'' के रूप में मना रहे हैं.उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के शुभारंभ की घोषणा की.उन्होंने यह भी घोषणा कि रायपुर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली जल्द ही लागू की जाएगी. भारत के अंतरिक्ष मिशन को लेकर भी सीएम ने अपने भाषण में चर्चा की थी। उन्होंने चंद्रयान की सफलता और चंद्रमा के दक्षिणी भाग पर भारत के सफलता पूर्वक लैंडिंग की प्रशंसा की। साथ ही हाल हीं में अंतरिक्ष से लौटे भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के बारे में भी कहा। उन्होंने कहा कि शुभांशु ने अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन में भारत का तिरंगा लहरा दिया।
वीर शहीदों को किया नमन
मुख्यमंत्री साय ने 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के मंच से छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हुए परालकोट विद्रोह को याद किया और कहा कि इस विद्रोह को 200 वर्ष पूरे हो गए हैं। इस दौरान उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, सोनाखान विद्रोह, वीर सिपाही हनुमान सिंह, शहीद यादव राव, भूमकाल विद्रोह आदि को याद कर शहीदों को नमन किया।
माताओं-बहनों को 11 हजार 728 करोड़ रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.सरकार बनने के तीन महीने के भीतर हमने महतारी वंदन योजना शुरू की.प्रदेश में 70 लाख महिलाओं को हर महीने एक-एक हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है.इस योजना से महिलाएं आत्मनिर्भरता की राह पर कदम बढ़ा रही हैं.महतारी वंदन योजना के तहत माताओं-बहनों को अब तक 11 हजार 728 करोड़ रूपए की राशि दी जा चुकी है.रायगढ़ जिले से हमने महिला समूहों को रेडी टू ईट फूड निर्माण का काम सौंपा है और इसका विस्तार जल्द ही हम अन्य जिलों में करेंगे.