छत्तीसगढ़ में अब 14 मंत्री, राज्य बनने के बाद पहली बार सीएम समेत 14 मंत्री
छत्तीसगढ़ कैबिनेट का आज विस्तार हुआ. आज सुबह 11 बजे छत्तीसगढ़ मंडपम (राज भवन) में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इसमें पहली बार के तीन नये विधायक मंत्री पद की शपथ ली। तीन नये मंत्रियों की बात करें तो इसमें दुर्ग संभाग से दुर्ग शहर विधायक विधायक गजेंद्र यादव, सरगुजा संभाग से अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल और रायपुर संभाग से आरंग विधायक और सतनामी समाज के गुरु खुशवंत साहेब ने मंत्री पद की शपथ ली। बीती रात को तीनों विधायक सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की थी। इसके बाद स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो गई। सभी अटकलों पर पूरी तरह से विराम लग गया। राजभवन में सुबह साढ़े 10 बजे से साढ़े 11 बजे तक शपथग्रहण समारोह का आयोजन किया गया है. मंत्रिमंडल विस्तार से पहले ही ये कयास लगाए जा रहे थे कि नए चेहरों में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने पर विशेष जोर दिया जाएगा.
सीएम विष्णु देव साय ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि "मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है. सुस्पष्ट कार्य विभाजन एवं दायित्व के साथ मेरे कैबिनेट के सहयोगीगण नई ऊर्जा के साथ छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करने तैयार हैं."
छत्तीसगढ़ में सीएम सहित 14 मंत्रियों के पास ये विभाग
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय – सामान्य प्रशासन, खनिज साधन, ऊर्जा, जनसंपर्क, जल संसाधन, विधानसभा, सुशासन एवं अभियंत्रण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी, जन शिकायत एवं निवारण विभाग समेत वे सभी विभाग, जो किसी मंत्री को आवंटित न हों।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव – लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेल और युवा कल्याण।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा – गृह, जेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, विज्ञान और प्रौद्योगिकी।
रामविचार नेताम – आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन विकास।
दयाल दास बघेल – खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण।
केदार कश्यप – वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता, संसदीय कार्य।
लखन लाल देवांगन – वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी), श्रम।
श्याम बिहारी जायसवाल – लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन।
ओपी चौधरी – वित्त, वाणिज्यिक कर (आबकारी को छोड़कर), आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी।
लक्ष्मी राजवाड़े – महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण।
टंकराम वर्मा – राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, उच्च शिक्षा।
गजेंद्र यादव (नए मंत्री) – स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य।
गुरु खुशवंत साहेब (नए मंत्री) – कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास।
राजेश अग्रवाल (नए मंत्री) – पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व।