छात्रों के बड़ी खुशखबरी,बलौदा बाजार को मिली नालंदा परिसर की सौगात
छत्तीसगढ़ सरकार ने रायपुर स्थित नालंदा परिसर के तर्ज पर नई लाइब्रेरी बनाने का ऐलान कर दिया शासन ने अधोसंरचना मद से बलौदा बाजार में सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन 250 सीटर के लिए 441.49 लाख रुपए की स्वीकृति दी है। नगरवासियों ने उक्त स्वीकृति के लिए उप मुख्यमंत्री के साथ ही साथ नालंदा परिसर के लिए लगातार प्रयास कर रहे स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा के प्रयासों का भी आभार व्यक्त किया है। नालंदा परिसर के प्रारंभ हो जाने से अब छात्र-छात्राओं को एक बेहतरीन लाइब्रेरी के साथ राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों का भी लाभ प्राप्त हो सकेगा। छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा नालंदा लाइब्रेरी ) का निर्माण किए जाने से नगर में सामान्य अध्ययन के साथ साथ उच्च शिक्षा के लिए वृहद संसाधन के रूप में पुस्तकों का भंडार मिलेगा व नगर के बुद्धिजीवियों, विद्यार्थियों व ज्ञान अर्जित करने वाले तमाम लोग इसका लाभ उठा रहे सकेंगे। 24 घंटे, सातों दिन वाईफाई और इंटरनेट की सुविधा भी छात्रों को यहां मिलेगी। सिविल सर्विसेज के साथ मेडिकल, इंजीनियरिंग, क्लैट की तैयारी के साथ मैथ्स ओलिंपियाड के लिए भी किताबें यहां होंगी।
बीते दिनों राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कलेक्टर दीपक सोनी, नपाध्यक्ष अशोक जैन और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के कई स्थानों का भ्रमण कर स्थल निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल सहित अन्य जरुरी निर्देश अधिकारियों को दिए थे। मंत्री वर्मा ने सर्वप्रथम जिला मुख्यालय में निर्माण होने वाली नालंदा परिसर निर्माण के लिए वार्ड क्रमांक 20 स्थित 29 क्वार्टर के पास के स्थान को उपयुक्त मानते हुए स्थल निर्धारित किया था।अब यहीं 441.49 लाख रुपए की लागत से राजधानी रायपुर की तर्ज पर नालंदा परिसर का निर्माण होगा। परिसर में सुसज्जित 250 सीटर लाइब्रेरी के साथ इंटरनेट सहित कई सुविधाएं मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर प्रदेश के जिलों में नालंदा परिसर का निर्माण किया जा रहा है।
ई बुक एक्सेस करने की भी होगी सुविधा
करियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन भी समय-समय पर किया जाएगा। 5वीं के बाद बच्चों को नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए तैयारी के लिए एक किड्स स्टडी जोन और किड्स लाइब्रेरी भी अलग से तैयार होगी। नालंदा परिसर में स्मार्ट लाइब्रेरी व स्टडी जोन होगा। हजारों किताबों के संग्रह के साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ई बुक एक्सेस करने की भी सुविधा होगी। स्मार्ट लर्निंग पर फोकस होगा। 24 गुना 7 वाईफाई और इंटरनेट की सुविधा भी छात्रों को यहां मिलेगी।