छत्तीसगढ़ में हर साल धान खरीदी का बन रहा नया रिकॉर्ड
छत्तीसगढ़ में साल दर साल धान खरीदी का रिकॉर्ड बनता जा रहा है. साल 2019 में जहां करीब 80 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी, वहीं साल 2023 आते तक यह आंकड़ा 145 लाख मीट्रिक टन पहुंच गया. इस साल भी रिकॉर्ड धान खरीदी की उम्मीद की जा रही है. राज्य में धान खरीदी को तिहार के रूप में मनाया जाता है. इस साल प्रदेश में कब से धान खरीदी होगी. इसको लेकर क्या रुप रेखा होगी. इस बारे में 30 सितंबर को मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक बुलाई गई है. इस मीटिंग में धान किसानों के लिए ऐलान होगा और प्रदेश में धान खरीदी की तारीख पर मुहर लग सकती है.
छत्तीसगढ़ में किसानों से सरकार 21 क्विंटल प्रति एकड़ 3100 रुपए के भाव से धान खरीद रही है. इस बार भी खरीफ सीजन में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां चल रही है. साल 2023 में 96 दिनों तक धान खरीदी चली. सीएम साय ने 31 जनवरी 2023 को खत्म होने वाले धान खरीदी के डेट को बढ़ाकर चार फरवरी कर दिया था. जिससे किसानों को धान बेचने में बड़ा फायदा हुआ. खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल पहले ही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए बारदाने का इंतजाम, धान खरीदी केंद्रों में इंटरनेट कनेक्शन, कम्प्यूटर और नापतौल उपकरणों को सही करने के निर्देश दे चुके हैं. साल 2023-24 खरीफ वर्ष में कुल 37.39 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी ज्यादा हुई.
साल 2023-24 को लेकर जारी खाद्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 144.92 लाख मीट्रिक धान की खरीदी हुई. जो खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 की तुलना में 37.39 लाख मीट्रिक टन ज्यादा है. साल 2024 में साय सरकार ने 31 जनवरी 2024 की धान खरीदी डेट को बढ़ाकर 4 फरवरी 2024 तय कर दिया था. जिससे कई किसानों को फायदा हुआ. कुल 24 लाख 72 हजार 310 किसानों ने चार फरवरी 2024 तक समर्थन मूल्य पर धान बेचा.
साल 2019 में 80.37 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हुई.
साल 2020 में 83.94 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया.
साल 2021 में 92 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी.
साल 2022 में 107 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी.
साल 2023 में 145 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई.