कांग्रेस ने शुरू की छह दिवसीय न्याय यात्रा, दो अक्टूबर को होगा समापन
छत्तीसगढ़ में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को रोकने में विफल होने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को राज्य के बलौदाबाजार जिले से 'न्याय यात्रा' की शुरुआत की। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में यह यात्रा राज्य में सतनामी समाज के आस्था के केंद्र गिरौदपुरी से शुरू की गई, यहां दो हजार से अधिक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए थे। पहले दिन की यात्रा में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की भागीदारी रही। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, राष्ट्रीय प्रभारी सचिव गण एस सम्पत, जरिता लैतफलांग, विजय जांगिड़, पूर्व अध्यक्ष मोहन मरकाम, सांसद ज्योत्सना महंत, डॉ. शिव कुमार डहरिया, गुरू रूद्र कुमार, कवासी लखमा सहित कई प्रमुख नेता और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवं जनता इस यात्रा का हिस्सा बने।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यात्रा शुरू करने से पहले बैज ने शिवरीनारायण में भगवान राम और माता शबरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके अलावा उन्होंने गिरौदपुरी धाम में पूजा-अर्चना की तथा शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। शहीद वीर नारायण सिंह 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्य के स्वतंत्रता सेनानी थे।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि छह दिवसीय यात्रा का समापन दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर रायपुर के गांधी मैदान में एक विशाल जनसभा के साथ होगा। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य राज्य में लोगों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करना है, जहां हत्या, लूट, चाकूबाजी, महिलाओं के खिलाफ अपराध और डकैती की घटनाएं लगातार हो रही हैं। लोग डर के साये में जी रहे हैं। बैज ने एक बयान में कहा कि यह यात्रा राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ विरोध प्रदर्शन है।