भाजयुमों युवा मतदाताओं को रिझाने लगा रही चौपाल तो कांग्रेस का डोर-टू-डोर चल रहा संपर्क
देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में भी चुनाव का माहौल गर्मा गया है। भाजपा और कांग्रेस अपनी अपनी जीत के दावे कर रहे है। यहां चुनाव प्रचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। अब पहले चरण के चुनाव का कुछ ही दिन बचे है ऐसे में प्रत्याशी जीत के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे है। लोकसभा चुनाव के चलते मौसम के साथ साथ राजनीति का पारा भी तेजी से चढ़ रहा है। जीत-हार जिसकी भी हो पर ताकत झोंकने में कोई दल पीछे नहीं है। भाजपा-कांग्रेस के सभी संगठन और मोर्चा भी मैदान में आ गये हैं। प्रदेश में खासकर युवाओं, महिलाओं और किसानों पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है। प्रदेश में युवा भी गेमचेंजर साबित हो सकते है प्रदेश में लगभग 53 लाख युवा मतदाताओं को साधने तथा अपने पक्ष में चुनावी माहौल तैयार करने के लिए भाजपा ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) तो कांग्रेस ने युवा कांग्रेस (युकां) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी है। युवा मतदाताओं को अपने पक्ष में करने भाजयुमो की ओर से प्रदेशभर में चौपाल लगाई जा रही है। वहीं, युकां के कार्यकर्ता डोर-टू-डोर जाकर चुनाव-प्रचार कर रहे हैं। भाजयुमो ने मई तक चार हजार चौपाल लगाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से 22,00 पूरा किया जा चुका है।
फिर हाल तो प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला दिख रहा है। विशषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। विधानसभा की तुलना में लोकसभा का क्षेत्र बड़ा होता है इसलिए पार्टी एक एक करके सभी तक पहुंचने का प्लान बना रही है। भाजपा और कांग्रेस की ओर से लोगों के बीच पहुंचने से पहले कार्यकर्ता तैयार कर रहे हैं, ताकि वो अपनी बातें हर मतदाता तक पहुंचा सके। युवाओं की चौपाल और डोर-टू-डोर अभियान इसी का हिस्सा है।
भाजयुमो कार्यकर्ता लोगों तक जाकर मोदी की गारंटी को गिना रहे है तो वहीं कांग्रेस नारी न्याय की बात कर रहे है। बता दें कि भाजपा विधानसभा चुनाव के समय महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रति माह 1000 रूपये दे रही है वहीं कांग्रेस महिलाओं से सत्ता में आने पर 100000/-रूपये प्रति वर्ष देने की बात कर रही है। भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष रवि भगत ने कहा, केंद्रीय नेतृत्व की ओर से पांच-पांच युवाओं को पार्टी में प्रवेश कराने की नई जिम्मेदारी मिली है, जिसकी शुरूआत दो से तीन दिनों में हो जाएगी। चौपाल के माध्यम से राज्य और केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है। लोकसभा की सभी सीटों पर विजय हासिल करेंगे। युकां प्रदेशाध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा, लोकसभा चुनाव के लिए डोर-टू-डोर अभियान चल रहा है। कांग्रेस का घोषणा पत्र पांच न्याय युवा, नारी, किसान,श्रमिक और हिस्सेदारी न्याय पर आधारित है। इसकी जानकारी घर-घर जाकर दी जा रही है। साथ ही महालक्ष्मी नारी न्याय गारंटी योजना का फार्म भी भरवाया जा रहा है।
