किरण सिंह देव होंगे छत्तीसगढ़ भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा ने किरण सिंह देव को छत्तीसगढ़ भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। किरण देव जगदलपुर से भाजपा के विधायक हैं। किरण सिंह देव अरुण साव की जगह लेंगे। छत्तीसगढ़ में किरण सिंह देव को भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने किरण सिंह देव को भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। बता दें कि, किरण सिंह देव पहली बार विधानसभा का चुनाव जीत कर विधायक बने हैं. वे साल 2009 से 2014 तक जगदलपुर नगर निगम के महापौर रह चुके हैं. उन्होंने भाजपा में प्रदेश महामंत्री का दायित्व भी संभाला है.
किरण देव ने छात्र जीवन से ही राजनीतिक सफर की शुरूआत की थी. वे 1985 से 1986 तक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जगदलपुर में छात्रसंघ के अध्यक्ष थे. 1998 में भाजयुमो बस्तर जिला जगदलपुर के उपाध्यक्ष और 2002 में अध्यक्ष रहे. इसके बाद 2002 में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष बने. फिर 2005 में भाजपा के प्रदेश मंत्री बने और 2009 से 2014 तक भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रहे. वहीं, कांग्रेस ने बस्तर के ही सांसद दीपक बैज को दोबारा अध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस पार्टी दीपक बैज को बस्तर की बुलंद आवाज के रूप में प्रजेंट कर रही थी। ऐसा माना जा रहा है कि इसकी काट के तौर पर अब भारतीय जनता पार्टी ने यह कदम उठाया है। किरण देव को संगठन में लंबा अनुभव है, जिसके कारण उन्होंने जगदलपुर की गुटबाजी खत्म करते हुए चुनाव जीता। उनके लंबे राजनीतिक अनुभव को देखते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।