छत्तीसगढ़ में एग्जिट पोल के बाद बढ़ी टेंशन, कांग्रेस- बीजेपी ने अपनी-अपनी सरकार बनने का किया दावा - CGKIRAN

छत्तीसगढ़ में एग्जिट पोल के बाद बढ़ी टेंशन, कांग्रेस- बीजेपी ने अपनी-अपनी सरकार बनने का किया दावा


एग्जिट पोल के बाद और परिणाम से पहले दोनों ही दल तोड़फोड़ की आशंका को देखते हुए सतर्क हो गए हैं। सभी प्रत्याशियों पर पर कड़ी नजर रखी जा रही है, वहीं भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के केंद्रीय नेता रायपुर पहुंच रहे हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव के बाद भी अधिकतर एग्जिट पोल ने कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया था। नतीजे भी कांग्रेस के ही पक्ष में आये थे। इस बार भी मतदान के पहले कांग्रेस और भाजपा में कांटे की टक्कर दिखाई दे रही थी। इधर कांग्रेस और बीजेपी ने अपनी-अपनी सरकार बनने का दावा किया है। सूत्रों के अनुसार यदि परिणाम करीबी रहे तो कांग्रेस अपने जीते हुए प्रत्याशियों को बेंगलुरु भेज सकती है। इसके लिए उसने 72 सीटर चार्टर प्लेन भी बुक करा लिया है। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार होने के कारण उसे भी सुरक्षित जगह माना जा रहा है। वहीं भाजपा भी कुछ इसी तरह की रणनीति अपनाने की तैयारी में है। चर्चा है कि वह अपने भावी विधायकों को दिल्ली ले जा सकती है।

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे। इसके पूर्व अधिकांश एग्जिट पोल के नतीजे बताते हैं कि प्रदेश में कांग्रेस को बढ़त तो मिलेगी, लेकिन यहां कांटे की टक्कर भी बताई गई है, यानी प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी भी बहुत पीछे नहीं है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के परिणाम से पहले एग्जिट पोल ने नेताओं और राजनीतिक पार्टियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। साथ ही एग्जिट पोल के बाद कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों ही पार्टियां सतर्क हो गई हैं। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी के प्रत्याशियों को कहा गया है कि वे जीत का सर्टिफिकेट मिलते ही रायपुर आ जाएं। वीआइपी रोड स्थित एक होटल में नवनिर्वाचित विधायकों को ठहराया जा सकता है। बता दें कि तीन दिसंबर को मतगणना होगी। फिलहाल एग्जिट पोल के बाद कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियां दावा कर रही हैं कि उनकी ही सरकार बन रही है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनने का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मोदी की गारंटी छत्तीसगढ़ की जनता के सामने प्रस्तुत की है। केंद्रीय नेताओं के लगातार हमारे प्रवास हुए हैं, सभाएं हुई हैं। कांग्रेस सरकार विफल साबित हुई है। सलिए तीन दिसंबर को छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने वाली है।


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads