महिलाएं तय करेंगी छत्तीसगढ़ में किसकी बनेगी सरकार…
कांग्रेस-भाजपा का दावा, नारी शक्ति उनके साथ
छत्तीसगढ़ की 90 सीटों पर दो चरणों में वोटिंग के बाद, बाजी किसने जीती, कौन सरकार बना रहा है इसे लेकर दावों और कयासों का दौर जारी है। तमाम ऐजेंसियां और एक्सपर्ट वोटिंग परसेंट, वोटिंग पैटर्न और वोटिंग डीटेल्स लेकर ये आंकलन करने में जुटे हैं कि आखिर इस बार किसे कहां से बढ़त मिली होगी। छत्तीसगढ़ में राजनीतिक दल नारी शक्ति के समीकरणों को सुलझा रहे हैं। अब तक हुए किसी भी चुनावों में पहली बार ऐसा हो रहा है जब दोनों प्रमुख दल कांग्रेस और भाजपा ने नारियों पर केंद्रित घोषणा पत्र तैयार किया है। मतगणना तीन दिसंबर को होनी है। इसके पहले कांग्रेस बूथ स्तर पर फीडबैक ले रही है कि गृह लक्ष्मी योजना का कितना असर हुआ है, जबकि भाजपा महतारी वंदन योजना के भरोसे सत्ता में आने का दावा कर रही है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने बड़ी घोषणा की है। बीजेपी ने घोषणा की है कि राज्य में बीजेपी की सरकार बनने के बाद महतारी वंदन योजना को लागू किया जाएगा। इस योजना के तहत राज्य की हर वर्ग की विवाहित महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए दिए जाएंगे। इस तरह से हर पात्र महिला को 12 हजार रुपए साल के दिए जाएंगे। इधर कांग्रेस ने भी दिवाली के मौके पर सीएम भूपेश बघेल ने बड़ी घोषणा की है। सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को वोट दीजिए। हमारी सरकार बनने के बाद हम गृह लक्ष्मी योजना की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत राज्य की हर महिला को 15 हजार रुपए हर साल दिए जाएंगे। इधर, पार्टियों के अपने-अपने दावे हैं इस बारे में भाजपा मानती है कि उनके मेनिफेस्टो में महतारी वंदन योजना के तहत विवाहित महिलाओं को सालाना 12 हजार रुपए देने का वादे के चलते ही महिलाओं ने ज्यादा वोट किया और भाजपा को ही इसका लाभ होगा। तो दूसरी तरफ कांग्रेस को लगता है कि उसकी गृह लक्ष्मी योजना के के तहत महिलाओं ने 15 हजार रुपए सालाना मिलने के ऐलान के बाद महिलाओं के बढ़े प्रतिशत का साथ, कांग्रेस को ही होगा।
ज्ञात हो कि भाजपा ने इस बार घोषणा पत्र में महतारी वंदन योजना चलाने की घोषणा की है। इसके अनुसार, प्रत्येक विवाहित महिला को हर महीने एक हजार यानी 12 हजार रुपये सालाना मिलना है। भाजपा के घोषणा पत्र के बाद कांग्रेस को पूरक घोषणा पत्र के रूप में गृह लक्ष्मी योजना की घोषणा करनी पड़ी। इसमें दावा किया गया था कि महिलाओं को 15 हजार रुपये सालाना मिलेगा। भाजपा ने प्रदेश में रानी दुर्गावती योजना की शुरुआत कर बीपीएल वर्ग की बालिकाओं के जन्म पर 1,50,000 का आश्वासन प्रमाण पत्र देने का वादा किया है। कांग्रेस ने गैस सिलिंडर में 500 रुपये की सब्सिडी महिलाओं के खातों में देने का निर्णय लिया है।
इस चुनाव में आंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में से 50 सीटों पर महिलाओं ने अधिक वोट किया है। हालांकि इस बार पुरुषों की तुलना में एक लाख नौ हजार 370 महिला वोटर अधिक हैं। प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या दो करोड़ तीन लाख 96 हजार 160 है, जिसमें महिला मतदाता एक करोड़ दो लाख 56 हजार 846 व पुरुषों में एक करोड़ एक लाख 35 हजार 561 पात्र मतदाता रहे।
छत्तीसगढ़ में इस बार पूरा चुनाव महिलाओं पर केंद्रित हो गया है। इसकी वजह भाजपा की महतारी वंदन योजना की घोषणा ही रही है। मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान की सरकार पहले ही लाडली बहना योजना में चला रही है। इसमें लाभार्थी महिलाओं को 1,250 रुपये मिलता है। इसी तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भाजपा ने जब तीन नवंबर को मोदी की गारंटी का संकल्प पत्र जारी किया तो इसमें महिलाओं को हर महीने एक हजार यानी सालभर में 12 हजार रुपये देने की प्रमुख घोषणा थी। प्रदेश में अगर भाजपा की सरकार बनी तो 60 लाख से अधिक विवाहित महिलाओं पर भाजपा सालाना 7,200 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
पांच साल में 36,000 करोड़ रुपये सिर्फ महिलाओं को मिलेगा
भाजपा इसे पूरे पांच साल चलाने का दावा कर रही है। ऐसे में पांच साल में 36,000 करोड़ रुपये सिर्फ महिलाओं को मिलेगा। इधर, पांच नवंबर को कांग्रेस ने भी अपना अधिकृत घोषणा पत्र जारी किया। इसमें महिलाओं के लिए पहले कुछ नहीं था और दीवाली के दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महतारी वंदन के जवाब में गृह लक्ष्मी योजना की घोषणा की। दावा किया कि सरकार बनी तो महिलाओं को 15 हजार रुपये सालाना दिए जाएंगे। यानी कांग्रेस ने भी हर वर्ष 900 करोड़ से अधिक खर्च करने की घोषणा कर दी है।
कांग्रेस-भाजपा के पिटारे में अन्य घोषणाएं भी
कांग्रेस ने महिला स्व सहायता समूहों की कर्ज माफी करने की घोषणा की है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 31 जनवरी 2023 की स्थिति में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 2,51,673 महिला स्व सहायता समूह गठित है। इनमें 27,14,513 महिलाएं हैं। इसमें 1,39,345 समूहों पर 135672.49 लाख यानी 1,356 करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया बैंक ऋण है।
कांग्रेस गैस सिलिंडर पर 500 रुपये सब्सिडी देगी
भाजपा ने प्रदेश में रानी दुर्गावती योजना की शुरुआत कर बीपीएल वर्ग की बालिकाओं के जन्म पर 1,50,000 का आश्वासन प्रमाण पत्र देने का वादा किया है। कांग्रेस ने गैस सिलिंडर में 500 रुपये की सब्सिडी महिलाओं के खातों में देने का निर्णय लिया है। यानी गैस सिलिंडर की कीमत अगर 1,000 रुपये होगी तो उसमें 500 रुपये कांग्रेस सब्सिडी देगी। जबकि भाजपा ने 500 रुपये में हर गरीब परिवार को सस्ता गैस सिलिंडर देने का वादा किया है।