छत्तीसगढ़ के चुनावी दंगल - शीर्ष नेताओं को उतारने की तैयारी में कांग्रेस और भाजपा
कई शहरों में रैली कर भाजपा के लिए माहौल बनाएंगे मोदी, शाह और योगी और स्मृति इरानी समेत कई स्टार प्रचारक BJP के लिए बनाएंगे माहौल
छत्तीसगढ़ के चुनावी दंगल में जल्द ही स्टार प्रचारकों की एंट्री होने वाली है। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने ही अपने-अपने स्टार प्रचारकों को विधानसभा चुनाव में रैली और सभा करने के लिए केंद्रीय नेताओं से समय की मांग की है। मालूम हो कि भाजपा की ओर से विधानसभा में चुनाव का प्रचार खुद पीएम मोदी संभालेंगे। छत्तीसगढ़ में फिर से सत्ता पर काबिज होने के लिए भाजपा पुरजोर कोशिशों में जुटी हुई है। आने वाले दिनों में प्रदेश में पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा केंद्रीय मंत्री और स्टार प्रचारकों का जमावड़ा होगा। ये सभी दिग्गज राज्य में भाजपा की सियासी जमीन को मजबूत करने की कोशिश करेंगे। छत्तीसगढ़ में PM नरेंद्र मोदी की सभा को भाजपा अपने मास्टर स्ट्रोक की तरह पेश करना चाहती है। पिछली सभाओं में आई भीड़ ने BJP का कॉन्फिडेंस बढ़ाया है।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक प्रदेश में दो चरणों के चुनाव के बीच प्रधानमंत्री मोदी की 3 बड़ी सभाओं के आयोजन की तैयारी है। जिसमें मोदी छत्तीसगढ़ को लेकर बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। ये घोषणाएं चुनावी माहौल का रुख भाजपा की तरफ मोड़ने की बड़ी कोशिश होंगी। पीएम रायपुर, रायगढ़ और बस्तर में सभा को संबोधित कर चुके हैं। माना जा रहा है कि सरगुजा और राजनांदगांव इलाके में प्रधानमंत्री की सभा की जाएगी। वही, कांग्रेस भी विधानसभा चुनाव में की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेताओं को मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और स्वयं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सभाएं होंगी। बताया जाता है कि दोनों दल पहले चरण के चुनाव में ही ताकत झोंकने की तैयारी में हैं। पहले चरण का चुनाव सात नवंबर को है।
15 साल तक सत्ता में रहने के बाद 15 सीटों पर सिमटी बीजेपी इस बार फिर सत्ता की आस में है। सरकार बनाने के लिए विपक्ष पुरजोर कोशिश कर रहा है। हर बार की तरह इस बार भी छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारकों का जमावड़ा होगा, जो राज्य में बीजेपी की सियासी जमीन को मजबूत करने की कोशिश करेंगे।
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कराने केंद्रीय मंत्री बस्तर आएंगे। 19 अक्टूबर को गृहमंत्री अमित शाह जगदलपुर पहुंचेंगे तो वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद नारायणपुर जाएंगे। नेता सभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने माहौल बनाएंगे। बताया जा रहा है कि कांकेर की तीन विधानसभा सीट के लिए केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा बीजापुर के लिए सांसद बसंत कुमार, कोंडागांव जिले की 2 सीट के लिए झारखंड के पूर्व CM बाबूलाल मरांडी, बस्तर की तीन सीट के लिए अमित शाह और दंतेवाड़ा के लिए गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के साथ नारायणपुर में चुनावी माहौल बनाने रविशंकर प्रसाद आ रहे हैं।
कांग्रेस की भी तैयारी
विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भी कमर कस रखी है। स्टार प्रचारकों को लोगों के बीच लाने कांग्रेस भी पूरी तैयारी कर रही है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, रणदीप सुरजेवाला जैसे नेताओं की सभा भी छत्तीसगढ़ में करने की तैयारी है। हालांकि कांग्रेस तारीख और जगह तय नहीं कर सकी है, मगर इनका जल्द ही ऐलान किया जाएगा।
भाजपा के मंचों पर ये मुद्दे छाए रहेंगे
भ्रष्टाचार एक बड़ा मुद्दा है, जिसे बीजेपी लोगों के बीच पहुंचाने की कोशिश में है। भाजपा के मंचों पर स्टार प्रचारक छत्तीसगढ़ के कोयला, रेत और शराब घोटाले की चर्चा करेंगे। शराबबंदी बड़ा मुद्दा होगा। कर्मचारियों का नियमितीकरण, छत्तीसगढ़ में बेरोजगारों का मसला भी स्टार प्रचारकों की जुबान पर होगा। गौठान और किसानों के मामले में भी कांग्रेस को घेरा जाएगा।
