छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावलों को वैश्विक बाजार में मिलेगी पहचान: स्पेन पहुंचे कृषि मंत्री नेताम,बार्सिलोना में निर्यात को लेकर हुई अहम चर्चा - CGKIRAN

छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावलों को वैश्विक बाजार में मिलेगी पहचान: स्पेन पहुंचे कृषि मंत्री नेताम,बार्सिलोना में निर्यात को लेकर हुई अहम चर्चा


छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई है।धान के कटोरे के रूप में विख्यात छत्तीसगढ़ की कृषि संपदा अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रदेश के पारंपरिक सुगंधित चावल और अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को वैश्विक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए स्पेन के बार्सिलोना में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने फिरा बार्सिलोना संस्था के CEO रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक की। इसमें कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और संचालक कृषि राहुल देव शामिल हुए। इस अवसर पर काउंसिल जनरल ऑफ इंडिया आर्स निसार भी उपस्थित थीं।

वैश्विक ब्रांडिंग और निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा

बैठक में छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता, निर्यात की संभावनाओं और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। संस्था के CEO ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय कर प्रदेश के जवाफूल, जीराफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ सहित अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने में सहयोग की बात कही।

किसानों और निर्यातकों को मिलेंगे नए अवसर

यह संस्था भारत सहित विभिन्न देशों और राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाने का काम करती है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में समन्वय के बाद इस पहल से छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादकों, किसान उत्पादक संगठनों, कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जुड़ने के नए अवसर मिलेंगे।

छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी विशिष्ट खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के कारण अलग पहचान रखते हैं। प्रदेश के जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक यानी GI टैग भी प्राप्त है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनकी प्रभावी ब्रांडिंग से किसानों को उनकी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं का विस्तार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन ने निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

प्रदेश के कृषि निर्यात को मिलेगी नई दिशा

ऐसे में बार्सिलोना में हुई यह व्यावसायिक चर्चा कृषि निर्यात की संभावनाओं को विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इस पहल से छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों तक पहुंचाने के साथ एक विशिष्ट वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करने की संभावनाएं मजबूत होंगी। अंतरराष्ट्रीय विपणन, उच्च गुणवत्ता मानकों, आधुनिक पैकेजिंग और निर्यात आधारित कृषि को बढ़ावा मिलने से प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिल सकेगी।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads