छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026: सुंदर, सुघ्घर और नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़’ थीम पर मनेगा राज्योत्सव, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह होंगे शामिल - CGKIRAN

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026: सुंदर, सुघ्घर और नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़’ थीम पर मनेगा राज्योत्सव, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह होंगे शामिल


छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाला राज्योत्सव की तैयारी जोर-शोर से चल रही है. इस बार का राज्योत्सव सुंदर, सुघ्घर और नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ की थीम पर होगा. आयोजन में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी, वहीं जनता की मांग पर बाहर से भी तीन कलाकार बुलाए जाएंगे. राज्योत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निमंत्रण पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होने जा रहे हैं.

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि राज्योत्सव में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और तेजी से आगे बढ़ते राज्य की नई पहचान को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन स्थल पर आम नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और आवागमन के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।

इसके साथ ही मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि राम वन गमन परिपथ का 3 चरणों में विकास होगा. पहले चरण में 10 स्थानों का विकास होगा. इसमें रुद्रेश्वर महादेव मंदिर, रुद्री (धमतरी), शृंगी ऋषि-सप्तर्षि आश्रम, नगरी-सिहावा, खरौद, रामाराम और चिंतामीटर मंदिर (सुकमा), चंदन मिहीं रामगढ़ और सीता बेंगरा (सरगुजा), रामझरना (रायगढ़), विष्णु मंदिर, रामपुर-जुनवानी (कांकेर), चित्रकोट शिव मंदिर, सीतामढ़ी-हरचौका का चयन किया गया है.

मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि राम वन गमन परिपथ के लिए शोध के आधार पर 31 स्थानों का चयन किया गया है. इन स्थानों का विकास तीन साल में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा. पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. स्थानीय पर्यटकों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए आश्रय स्थल बनाए जाएंगे, इसके साथ सत्संग भवन और सीता रसोई जैसी सुविधाएं भी विकसित करने की योजना है.

राजेश अग्रवाल ने कहा कि पिछली सरकार के समय राम वन गमन परिपथ के जो काम अधूरे रह गए थे, उन्हें पूरा करने और पहले से निर्मित सुविधाओं का उपयोग सुनिश्चित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा. हरचौका और सीतामढ़ी के विकास पर भी काम होगा.

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads