मशरूम उत्पादन से आत्मनिर्भर बन रही ग्रामीण महिलाएं - बिहान योजना ने बनाया आर्थिक रूप से सशक्त - CGKIRAN

मशरूम उत्पादन से आत्मनिर्भर बन रही ग्रामीण महिलाएं - बिहान योजना ने बनाया आर्थिक रूप से सशक्त

 


राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार के नए अवसरों से जुड़ रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं। विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम अर्जुनी निवासी टिकेश्वरी साहू भी बिहान के माध्यम से आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं। वे ओम शांति स्व सहायता समूह से जुड़कर अपने पड़ोस की दीदी के साथ मिलकर घर पर ही आयस्टर मशरूम का उत्पादन कर रही हैं। टिकेश्वरी साहू ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष भी घर पर आयस्टर मशरूम का उत्पादन किया था, जिससे उन्हें लगभग 20 से 25 हजार रुपए की आय प्राप्त हुई थी। इस अनुभव से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने इस वर्ष भी मशरूम उत्पादन शुरू किया है। घर पर ही कम लागत में शुरू की गई इस गतिविधि से उन्हें अपनी मेहनत के अनुसार अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिल रहा है। 

टिकेश्वरी का कहना है कि बिहान स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने और अपनी क्षमता को पहचानने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित बिहान योजना, महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। महतारी वंदन योजना से आर्थिक संबल मिला है, वहीं उज्ज्वला योजना के माध्यम से स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिलने से महिलाओं को चूल्हे के धुएं से राहत मिली है। बिहान योजना ने महिलाओं को घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ स्वरोजगार और आय अर्जित करने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दिया है।

टिकेश्वरी साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विष्णु भैया के सुशासन में इन जनहितकारी योजनाओं ने हम महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाया है और हमें केवल चूल्हे-चौके तक सीमित रहने के बजाय बाहर की दुनिया को देखने, नई चीजें सीखने और अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि आज वे अपने घर पर ही मशरूम उत्पादन कर रही हैं और इससे उन्हें आत्मनिर्भर बन रही है।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads