राज्यसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम और लक्ष्मी वर्मा ने भरा नामांकन - CGKIRAN

राज्यसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम और लक्ष्मी वर्मा ने भरा नामांकन


राज्यसभा चुनाव 2026 छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने मौजूदा सांसद फूलो देवी नेताम को प्रत्याशी बनाया है, जबकि भाजपा ने लक्ष्मी वर्मा को मैदान में उतारा है. विधानसभा के संख्या बल को देखते हुए दोनों दलों के खाते में एक-एक सीट जाना लगभग तय माना जा रहा है.  छत्तीसगढ़ भाजपा की राज्यसभा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा बालौद बाजार जिले के मुड़पार गांव की रहने वाली हैं. वे 1990 से भाजपा में सक्रिय हैं और पार्टी के विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभा चुकी हैं. अब उन्होंने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया. सियासी गणित के अनुसार, उनका संसद जाना लगभग तय माना जा रहा है. राज्‍यसभा चुनाव 2026  के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने छत्तीसगढ़ से वरिष्ठ नेता लक्ष्‍मी वर्मा को उम्मीदवार बनाया है. गुरुवार 5 मार्च को उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया. नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

छत्तीसगढ़ भाजपा की राज्यसभा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा मूल रूप से बालौद बाजार जिले के मुड़पार गांव की रहने वाली हैं.  वे लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रही हैं और पार्टी के विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभा चुकी हैं. संगठन से लेकर स्थानीय निकाय और सामाजिक संगठनों तक उनकी सक्रिय भूमिका रही है. 

1990 में भाजपा की सदस्य बनीं 

लक्ष्मी वर्मा के सियासी करियर की बात करें तो साल 1990 में उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली और उसके बाद लगातार संगठन में काम करते हुए पार्टी में अपनी जगह बनाई. पार्टी में उनकी सक्रियता को देखते हुए साल 2000 में उन्हें रायपुर के तत्कालीन सांसद रमेश बैस (Ramesh Bais) का सांसद प्रतिनिधि बनाया गया. इसके बाद 2001 में उन्हें भाजपा महिला मोर्चा (BJP Mahila Morcha) की कार्य समिति का सदस्य चुना गया, जहां उन्होंने चार साल तक जिम्मेदारी निभाई.

1994 में पार्षद रहीं, वर्तमान में राज्य महिला आयोग की सदस्य

लक्ष्मी वर्मा ने राजनीति के साथ-साथ सामाजिक संगठनों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. साल 1994 में वे रायपुर नगर पालिका निगम  के वार्ड नंबर 7 से पार्षद निर्वाचित हुईं. इसके बाद 2010 में रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष चुनी गईं.  साल 2019 में उन्हें एफएसएनएल स्टील मिनिस्ट्री गवर्नमेंट ऑफ इंडिया में स्वतंत्र निदेशक के तौर पर काम किया. 7 अक्टूबर 2024 से वे छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य के रूप में कार्य कर रही हैं.


फूलो देवी नेताम को दूसरी बार जिम्मेदारी

नामांकन भरने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार फूलो देवी नेताम ने कहा,- मैं इस उपलक्ष्य में शीर्ष नेतृत्व का बहुत बहुत आभार व्यक्त करती हूँ और उनका धन्यवाद देती हूं. खड़गे जी, सोनिया गांधी जी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, पीसीसी चीफ दीपक बैज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव का आभार जताती हूं. ये सभी हमेशा मार्गदर्शन देते रहे हैं.

 लक्ष्मी वर्मा का राज्यसभा जाना लगभग पक्का 

छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव होना है. छत्तीसगढ़ विधानसभा में भाजपा के 54, कांग्रेस के 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का 1 विधायक है. राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए कुल 90 विधायक मतदान करेंगे. संख्या बल के हिसाब से एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाना लगभग तय माना जा रहा है. ऐसे में अगर कोई बड़ा उलटफेर नहीं होता है तो लक्ष्मी वर्मा की राज्यसभा में सीट पक्की मानी जा रही है.

क्या बदल सकते हैं सियासी समीकरण?

राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि यदि कांग्रेस किसी बाहरी प्रत्याशी को उतारती, तो भाजपा नवीन मारकंडे को भी प्रत्याशी बना सकती थी. बताया जा रहा है कि भाजपा ने लक्ष्मी वर्मा के साथ-साथ नवीन मारकंडे के नाम से भी नामांकन फॉर्म खरीदा है.

छत्तीसगढ़ विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं. राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए सभी विधायक मतदान करेंगे. भारतीय जनता पार्टी के 54 विधायक, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 35 विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का 1 विधायक है. संख्या बल को देखते हुए राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाना लगभग तय है. हालांकि, वरीयता आधारित मतदान प्रणाली में रणनीतिक वोटिंग की संभावना से सियासी समीकरण बदल सकते हैं. 


Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads