राहुल गांधी रायबरेली से लड़ेंगे चुनाव, राहुल गांधी ने भरा नामांकन - CGKIRAN

राहुल गांधी रायबरेली से लड़ेंगे चुनाव, राहुल गांधी ने भरा नामांकन


आज सुबह ही कांग्रेस के द्वारा अमेठी और रायबरेली के लिए सीटों की घोषणा की गई जिसमें राहुल गांधी को रायबरेली सीट के लिए उम्मीद्वार चुना गया। कांग्रेस पार्टी नेें कई दिनों की ऊहापोह को खत्म करते हुए, आज सुबह घोषणा की कि राहुल गांधी रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, जो पहले उनकी मां सोनिया गांधी का निर्वाचन क्षेत्र था. आज राहुल गांधी ने रायबरेली सीट से अपना नामांकन भी भर दिया है। राहुल गांधी ने दोपहर करीब सवा दो बजे कलेक्ट्रेट में अपना नामांकन भरा। राहुल के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी और राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत मौजूद रहे।  सांसद सोनिया गांधी ने राज्यसभा में जाने से पहले रायबरेलीवासियों के नाम मार्मिक पत्र लिखा था, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। इसी के बाद से कयास लगाए जाते रहे कि गांधी परिवार से कोई न कोई चुनाव रायबरेली से जरूर लड़ेगा। यहां से प्रियंका गांधी का नाम चल रहा था, लेकिन एऐन मौके पर उनके भाई राहुल गांधी के चुनाव लडऩे का ऐलान कर दिया गया।

राहुल गांधी का नामांकन जुलूस हाथी पार्क स्थित कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय से निकला। फिरोज गांधी चौराहा से होते हुए जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचा। इस जुलूस में भारी भीड़ देखने को मिली। कार्यकर्ताओं का उत्साह अपने चरम पर था। कांग्रेसी राहुल को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाने की बात कहते रहे। इस जुलूस में कांग्रेस के साथ सपा कार्यकर्ता भी दिखे। 

राहुल के सामने होंगे भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप

हाई प्रोफाइल रायबरेली संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह लगातार दूसरी बार गांधी परिवार के सामने होंगे। राहुल गांधी के नामांकन के कुछ देर पहले ही दिनेश प्रताप सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया।  2019 में दिनेश प्रताप सिंह सोनिया गांधी के सामने चुनाव लड़े थे। उन्होंने कांग्रेस को कभी टक्कर दी थी लेकिन चुनाव हार गए थे। 2018 में दिनेश प्रताप सिंह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। सोनिया गांधी को 5,31,918 मत मिले थे। भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह को 3,67,740 मत मिले थे। दिनेश प्रताप 1,64,178 मतों से हार गए थे, लेकिन उन्होंने सोनिया गांधी के जीत के अंतर को कम कर दिया था।

रायबरेली से अब तक हुए सांसद

1952- फिरोज गांधी (कांग्रेस)

1958- फिरोज गांधी (कांग्रेस)

1962- ब्रजलाल (कांग्रेस)

1967- इंदिरा गांधी (कांग्रेस)

1971- इंदिरा गांधी (कांग्रेस)

1977- राजनारायण (बीकेडी)

1980- इंदिरा गांधी (कांग्रेस)

1981-अरुण नेहरू( कांग्रेस) उपचुनाव 

1984- अरूण नेहरू (कांग्रेस)

1989- शीला कौल (कांग्रेस)

1991- शीला कौल (कांग्रेस)

1996- अशोक सिंह (भाजपा)

1998- अशोक सिंह (भाजपा)

1999- कैप्टन सतीश शर्मा(कांग्रेस)

2004- सोनिया गांधी (कांग्रेस)

2006-सोनिया गांधी (कांग्रेस) उपचुनाव

2009- सोनिया गांधी (कांग्रेस)

2014-सोनिया गांधी (कांग्रेस)

2019-सोनिया गांधी (कांग्रेस)

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads